जींद के हैबतपुर में जुटीं खाप पंचायतें, सोशल मीडिया पर गन कल्चर और गलत कंटेट पर सख्त कार्रवाई की मांग

punjabkesari.in Monday, Jul 20, 2026 - 03:36 PM (IST)

जींद (अमनदीप पिलानिया) : जींद जिले के हैबतपुर गांव में रविवार को जींद, रोहतक, सोनीपत, झज्जर और दिल्ली की विभिन्न खाप पंचायतों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज में बढ़ रहे गन कल्चर और गंदे (अश्लील) कल्चर को लेकर चिंता जताई गई। खाप प्रतिनिधियों ने सरकार से ऐसे मामलों पर सख्ती से कार्रवाई करने और समाज में फैल रही इस प्रवृत्ति पर रोक लगाने की मांग की।

खाप पंचायतों के प्रतिनिधियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ लोग हथियारों का प्रदर्शन करते हुए वीडियो और गाने प्रसारित कर रहे हैं, जबकि कुछ कंटेंट में अश्लीलता को बढ़ावा दिया जा रहा है। ऐसे कंटेंट का युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है और इससे सामाजिक वातावरण भी प्रभावित हो रहा है।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि हरियाणा की संस्कृति, सभ्यता और सामाजिक मूल्यों को बनाए रखने के लिए सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने मांग की कि हथियारों का महिमामंडन करने वाले गानों, वीडियो और अश्लील सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

खाप पंचायतों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा हाल ही में करनाल में प्रदेश के एसएचओ और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की बैठक में गन कल्चर और अश्लीलता फैलाने वाले कंटेंट पर सख्ती के निर्देशों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सरकार की इस पहल को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू किया जाना चाहिए, ताकि युवाओं को गलत दिशा में जाने से रोका जा सके।

बैठक में विभिन्न खापों के प्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि समाज में स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक व भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कदम उठाने चाहिए।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static