Farmers Protest : आंदोलन के लिए गांव-गांव से समर्थन जुटाएंगी खाप, बैठक में लिया फैसला

punjabkesari.in Friday, Apr 23, 2021 - 09:44 AM (IST)

सोनीपत : किसान आंदोलन को और तेज करने के लिए वीरवार को विभिन्न खापों के प्रतिनिधि एवं प्रधान कुंडली बार्डर धरनास्थल पर एकत्रित हुए। खाप नेताओं और संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं के बीच बैठक की गई जिसमें आंदोलन को गति देने रणनीति तैयार की गई और फैसला किया गया कि गांव-गांव जाकर लोगों को बार्डर पर पहुंचने के लिए न्यौता दिया जाएगा ताकि आंदोलन को फिर से गुलजार किया जा सके।

खाप चौधरियों ने कहा कि फसल कटाई का काम लगभग पूरा हो चुका है। अब फिर से लोगों को धरनास्थल पर बुलाया जाएगा। वीरवार को कुंडली बार्डर धरनास्थल पर हरियाणा व उत्तर प्रदेश की विभिन्न खापों के चौधरी पहुंचे और किसान नेताओं से चर्चा की। खाप नेताओं ने भरोसा दिया है कि वे गांव-गांव से लोगों की ड्यूटी लगाएंगे ताकि पहले की तरह रोजाना यहां किसान पहुंचें। खाप नेताओं ने कहा कि मोर्चे पर किसानों की मदद का काम उनका है और वह इसके लिए हमेशा तैयार हैं। बैठक में दहिया, आंतिल, बाल्याण, सरोहा, सांगवान, गुलिया, कादियान खाप के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। पहली बार कुंडली धरनास्थल पर टिकैत बंधु एक साथ पहुंचे। इनमें नरेश टिकैत बाल्याण खाप की ओर से तो राकेश टिकैत ने किसान मोर्चा की ओर से शिरकत है। हवा सिंह आंतिल, कृष्ण दहिया, विधायक सोमबीर सांगवान, बिल्लू कादियान के साथ किसान नेता अभिमन्यु कोहाड़, दर्शनपाल, बलजीत सिंह दल्लेवाल, बलबीर सिंह राजेवाल, युद्धबीर सिंह और गुरनाम सिंह चढूनी आदि मौजूद रहे।

किसानों को बाध्य नहीं करेंगे, जो चाहे लगवाए वैक्सीन
किसान मोर्चा ने सोनीपत प्रशासन को स्पष्ट कर दिया है कि कोरोना जांच और वैक्सीनेशन के लिए वह किसानों को मजबूर नहीं करेगा। हां, इतना जरूर है कि अगर किसान अपनी मर्जी से जांच या टीका लगवाना चाहते हैं तो वह उन्हें रोकेंगे भी नहीं। मोर्चा की ओर से अभिमन्यु कोहाड़ ने बताया कि उन्होंने प्रशासन को मदद के लिए भरोसा दिया है लेकिन स्पष्ट कर दिया है कि मोर्चा की ओर से किसानों को बाध्य नहीं किया जाएगा, न ही मंच से यह आह्वान होगा कि वे टीकाकरण या जांच करवाएं। इसके अलावा प्रशासन अपने बैनर लगा सकता है और किसानों में प्रचार करके उन्हें टीकाकरण या जांच के लिए तैयार भी कर सकता है। इससे मोर्चा को किसी तरह की कोई आपत्ति नहीं है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)   


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Recommended News

Related News

static