25 वर्षों की सेवा का सम्मान, केके शर्मा बने श्रीमाता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के लाइफटाइम डोनर
punjabkesari.in Saturday, Jul 11, 2026 - 06:37 PM (IST)
चंडीगढ़ ( चन्द्र शेखर धरणी) : श्रीमाता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने लंबे समय से मंदिर परिसर की सेवा से जुड़े उद्योगपति केके शर्मा को लाइफटाइम डोनर का सम्मान प्रदान किया है। बोर्ड ने यह जिम्मेदारी उनके लगभग 25 वर्षों से चले आ रहे योगदान और मंदिर परिसर के विकास एवं सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी को देखते हुए सौंपी है। केके शर्मा इससे पहले दो कार्यकाल तक श्रीमाता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के सदस्य भी रह चुके हैं।
इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर के विभिन्न विकास कार्यों में योगदान दिया। वर्ष 2002 में पवित्र गुफा में संगमरमर लगाने के कार्य में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही, जबकि पिछले ढाई दशक से वे प्रत्येक नवरात्र के दौरान माता वैष्णो देवी भवन की भव्य पुष्प सज्जा की व्यवस्था भी कराते रहे हैं। नवरात्रों के अवसर पर पूरे भवन को फूलों से सजाने की यह परंपरा उनकी देखरेख में लगातार निभाई जा रही है।
केके शर्मा मूल रूप से पंजाब के अमृतसर के निवासी हैं। उनका बचपन नई दिल्ली में बीता और वर्तमान में वे वहीं रहते हैं। वे हिमाचल प्रदेश और नई दिल्ली स्थित एमिल फार्मा के स्वामी हैं। व्यस्त कारोबारी जीवन के बावजूद वे नियमित रूप से माता वैष्णो देवी के दरबार में दर्शन और सेवा के लिए पहुंचते रहे हैं। केके शर्मा के सलाहकार सुरेश भारद्वाज ने बताया कि श्राइन बोर्ड द्वारा उन्हें लाइफटाइम डोनर का दायित्व सौंपना उनके वर्षों के समर्पण और सेवा का सम्मान है। उन्होंने इस सम्मान के लिए श्राइन बोर्ड का आभार व्यक्त करते हुए केके शर्मा को शुभकामनाएं दीं।