कुलदीप बिश्नोई से ही लिया जाएगा जवाब, BJP जल्द जारी करेगी नोटिस : मोहनलाल बड़ौली

punjabkesari.in Sunday, May 03, 2026 - 08:47 PM (IST)

डेस्क : हरियाणा की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा की पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल को लेकर की गई टिप्पणी ने बीजेपी के अंदर की राजनीति को गरमा दिया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कुलदीप बिश्नोई पर जोरदार पलटवार करते हुए कहा कि उन्होंने जो कुछ भी बोला है, उनसे ही जवाब तलब किया जाएगा और उन्हें जल्द ही नोटिस जारी किया जाएगा।

मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि चौधरी भजनलाल हरियाणा के लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे थे। उन्होंने कहा कि यह जरुरी नहीं होता कि जैसा बाप हो बेटा भी वैसा ही हो। चौधरी भजनलाल के बारे में रेखा शर्मा ने कोई व्यक्तिगत आरोप नहीं लगाया। वह चुनावी सभा थी और रेखा शर्मा के शब्दों के चयन में चूक हुई। कुलदीप बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अब इस बात को बढ़ाने का काम किया है। हम उसको नोटिस जारी करेंगे और उनसे जबाव मांगेंगे। 

यह था मामला
बता दें कि रेखा शर्मा ने कुलदीप बिश्नोई के पिता और पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल पर आरोप लगाया था कि वह बदमाशी से इलेक्शन जीतते थे। इसी पर कुलदीप बिश्नोई ने वीडियो जारी कर आपत्ति जताई। उन्होंने बड़ौली का नाम लेते हुए कहा कि उन्होंने भी एक कार्यक्रम में चौधरी भजनलाल का नाम लिया, लेकिन उनके नाम के साथ 'जी' या 'चौधरी' नहीं लगाया।

मामले पर कुलदीप बिश्नोई का बयान
इसी मुद्दे पर फिर शनिवार को भजनलाल के बेटे एवं भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई ने पिता के अपमान पर कड़ा ऐतराज जताते हुए अपनी ही पार्टी के नेताओं को चेतावनी दे डाली। उन्होंने वीडियो जारी कर कहा कि कहा शेर को पिंजरे में रख सकते हैं, लेकिन उसे हाथ लगाने की हिम्मत किसी में नहीं है। मैं वही पुराना बब्बर शेर हूं, मुझे मजबूर न करें कि मैं कोई कड़ा कदम उठाऊं।

बिश्नोई ने स्पष्ट किया कि वे भले ही पार्टी के अनुशासित सिपाही हैं, लेकिन पिता के सम्मान से समझौता उन्हें कतई मंजूर नहीं। कुलदीप ने सीधे तौर पर मांग की कि रेखा अपने बयान पर माफी मांगें और बड़ौली चौधरी भजनलाल जी का नाम सम्मान से लें। उन्होंने चेतावनी दी कि या तो नोटिस जारी हो या माफी मांगी जाए, वरना यह मामला यहीं शांत होने वाला नहीं है।

 (पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)        

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static