हरियाणा में राज्यस्तरीय रैली कर अपनी सियासी ‘ताकत’ दिखाएंगे कुलदीप बिश्रोई
punjabkesari.in Monday, Sep 22, 2025 - 08:05 PM (IST)
चंडीगढ़ (संजय अरोड़ा): भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई के 58वें जन्मदिन को उनके समर्थकों ने ‘जनहित दिवस’ के रूप में मनाया। इस दौरान मंडी आदमपुर स्थित अनाज मंडी के शैड में आयोजित कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़ से जहां कुलदीप बिश्रोई पूरी तरह से उत्साहित नजर आए तो वहीं जन्मदिन का यह कार्यक्रम प्रदेशभर से भारी संख्या में पहुंचे कुलदीप समर्थकों से कार्यक्रम एक रैली का रूप ले गया। इस दौरान कुलदीप बिश्रोई के समर्थकों में भी जोश देखने को मिला और उन्होंने कहा कि कुलदीप बिश्रोई एक ऐसे राजनेता हैं तो चौ. भजनलाल की विरासत को आगे बढ़ाते हुए बिना किसी पद के भी पूरे प्रदेश में अपना वजूद रखते हैं।
इस मौके पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि उनके लिए यह पल बहुत महत्वपूर्ण है और किसी भी नेता के लिए वो पल बहुत भावुकता वाला होता है, जब कोई पद न होने के बावजूद लोग आपको दिल से चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के अलावा राजस्थान, दिल्ली, पंजाब और महाराष्ट्र सहित अलग-अलग क्षेत्रों में उनके समर्थक सामाजिक कार्यक्रम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे प्रदेश भर का दौरा जारी रखेंगे और जल्द ही प्रदेश स्तरीय रैली करेंगे। यह रैली ऐतिहासिक होगी और भीड़ के आज तक के हमारे सभी रिकॉर्ड को धवस्त करेगी। कुलदीप बिश्नोई के जन्मदिवस समारोह के अवसर पर लोग ढोल, नगाड़ों, बीन सहित नाचते गाते कार्यक्रम में पहुंचे। इस मौके पर कुलदीप बिश्रोई ने अपनी पत्नी व पूर्व विधायक रेणुका बिश्रोई, पारिवारिक सदस्यों व समर्थकों के साथ जैसे ही अपने जन्मदिन का केक काटा, वैसे ही पूरा कार्यक्रम स्थल कुलदीप बिश्रोई जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा। समर्थकों ने फूलमालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया।

कुलदीप बिश्रोई को सियासत में बार-बार मिला धोखा: भव्य बिश्रोई
पूर्व विधायक भव्य बिश्नोई ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कुलदीप बिश्नोई को राजनीति में बार-बार धोखा मिला। सामाजिक तौर पर कुछ स्वार्थी लोगों ने उनकी छवि धूमिल करने की असफल कोशिश की, परंतु मुश्किल से मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद चेहरे पर मुस्कान लिए जिस तरह से उनका जनहित के लिए संघर्ष जारी रहा है, वह हम सबके लिए पे्ररणास्त्रोत है। यही कारण है कि आज उनका जन्मदिवस हम जनहित दिवस के रूप में मना रहे हैं। भव्य ने कुलदीप बिश्रोई से मुखातिब होते हुए कहा कि ‘कोई आपको साउथ का हीरो कहता है और कोई आपको मेरा बड़ा भाई। दोनों ही बातों में दम है, लेकिन मेरे लिए आप हमेशा पे्ररणा स्त्रोत बने रहेंगे। आज मैं जो कुछ भी हूं, आपकी वजह से ही हूं। भव्य ने कहा कि दुर्भाग्य से प्रदेश में बाढ़ जैसे हालात पैदा हुए और लोगों को भारी आर्थिक हानि पहुंची है। भजन ग्लोबल इम्पैक्ट फाउंडेशन की ओर से पीडि़त लोगों की सहायता के लिए छोटा प्रयास किया जा रहा है। प्रदेश की जनहितैषी नायब सैनी सरकार हर प्रभावित को मुआवजा प्रदान करेगी।
जनता का प्यार है सबसे बड़ी पूंजी : रेणुका बिश्नोई
इस अवसर पर पूर्व विधायक एवं कुलदीप बिश्रेाई की पत्नी रेणुका बिश्नोई ने कहा कि लोगों का आग्रह था कि कुलदीप बिश्रोई के साथ जन्मदिन मनाना है। इसी को देखते हुए एक ही जगह कार्यक्रम रखा गया, ताकि जिसको मिलना है मिल सकें। लंबे समय से सियासत में सक्रियता न होने के सवाल पर रेणुका ने कहा पिछले कुछ समय से उनकी पारिवारिक ड्यूटी बढ़ गई थी। अब मैं फिर उसी तरीके से आती हूं। जब उनसे पूछा गया कि क्या अगले चुनाव में वो फिर कहीं से मैदान में उतरेंगी। इस सवाल पर उन्होंने कहा कि भविष्य में एक्टिव पॉलिटिक्स अब नहीं करूंगी, लेकिन प्रत्येक चुनाव में प्रचार करती रहूंगी। पहली बार पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भजनलाल के गढ़ आदमपुर में मिली हार के सवाल पर रेणुका ने कहा कि किसी कारण जो भी कमियां रही हों, लेकिन लोगों को उम्मीद नहीं थी कि कुछ इस तरह का माहौल हो जाएगा। लोगों को भी काफी पछतावा हुआ, आखिर में आदमपुर हमारा परिवार है। रेणुका ने कहा कि अगर भव्य विधायक होता तो थोड़ा और तेजी से काम हो जाते, लेकिन अभी कहीं भी आदमपुर हलके के काम के लिए कोई रुकावट नहीं है। रेणुका ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से भी किसी काम के लिए कभी कोई मनाही नहीं है। मुख्यमंत्री का पूरा सहयोग आज भी आदमपुर हलके के लिए है। इस कार्यक्रम में लोगों का काफी प्यार मिला। आज हम किसी पद-पोस्ट पर नहीं हैं, कोई ताकत नहीं है, लेकिन जनता का प्यार ही हमारी सबसे बड़ी दौलत-पूंजी है। रैली को पूर्व विधायक दूड़ाराम ने संबोधित करते हुए कहा कि कुलदीप बिश्नोई प्रदेश भर में जनहित के लिए संघर्ष करने वाले विरले राजनेता हैं। राजनीति में उनके जैसी ईमानदारी का दूसरा उदाहरण आपको शायद ही देखने को मिले। सभी को साथ लेकर चलने की उनमें कला है। विधायक रणधीर पनिहार ने कहा कि दोस्ती एवं ईमानदारी की मिसाल कुलदीप बिश्नोई ने जनहित के लिए संघर्ष करके जनता के दिलों में जगह बनाई है और यह सिर्फ जननेता ही कर सकता है। इस दौरान आदमपुर सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों से लोग कुलदीप बिश्रोई को शुभकामनाएं देने पहुंचे।