रेनू भाटिया विवाद पर गरजीं कुमारी शैलजा, बोलीं- निष्पक्ष जांच से ही सबके सामने आएगा सच

punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2026 - 05:15 PM (IST)

यमुनानगर (परवेज खान) : केंद्र में बीजेपी सरकार के 12 साल पूरे होने पर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और सांसद कुमारी शैलजा ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई लगातार आसमान छू रही है और आम आदमी परेशान है। शैलजा ने सवाल उठाते हुए कहा कि देश की नीतियां अब आत्मनिर्भरता की बजाय अमेरिका और रूस पर निर्भर होती जा रही हैं। कुमारी शैलजा यमुनानगर में निजी कार्यक्रमों और शोक सभाओं में शामिल होने पहुंचीं थी।

शैलजा ने कहा कि अर्थव्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो चुकी है, लेकिन सरकार का ध्यान जनता की समस्याओं पर नहीं है। कांग्रेस नेता ने कहा कि उनकी पार्टी बीजेपी की गलत नीतियों का खुलकर विरोध करती रहेगी और जनता के मुद्दों को उठाती रहेगी।

TMC में चल रही राजनीतिक हलचल और ममता बनर्जी की कांग्रेस नेताओं से मुलाकात पर प्रतिक्रिया देते हुए शैलजा ने बीजेपी की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गोवा और महाराष्ट्र जैसे राज्यों के उदाहरण सामने हैं, जहां बीजेपी ने सत्ता हासिल करने के लिए हर संभव राजनीतिक तरीका अपनाया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब ‘साम, दाम, दंड, भेद’ की जगह बीजेपी की राजनीति को ‘सीबीआई, ईडी और इलेक्शन कमिशन’ की राजनीति कहा जा सकता है।

वहीं हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया के इस्तीफे और चर्चित डॉक्टर मामले पर बोलते हुए शैलजा ने कहा कि सरकार को जवाब देना चाहिए कि रिटायर्ड डॉक्टर को ड्यूटी पर क्यों रखा गया। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और जो भी दोषी हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि सहानुभूति पीड़ित बच्ची के साथ होनी चाहिए, न कि आरोपी के साथ।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)               

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static