कुमारी सैलजा ने कांग्रेस अध्यक्ष के लिए किया मतदान, बोलीं- खड़गे अध्यक्ष बनें तो पार्टी को होगा फायदा
punjabkesari.in Monday, Oct 17, 2022 - 02:45 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): हरियाणा कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने भी चंडीगढ़ पहुंचकर अध्यक्ष पद के लिए हो रहे चुनाव में मतदान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी पारदर्शी तरीके से मतदान करवाने में विश्वास रखती है। सैलजा ने कहा कि अध्यक्ष पद की रेस में शशि थरूर और मल्लिकार्जुन खड़गे उम्मीदवार हैं। उन्होंने कहा कि खड़गे जी एक वरिष्ठ नेता हैं। इसलिए वे चाहती हैं कि मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर चुने जाएं और पार्टी की मजबूती के लिए बेहतर काम करें। खडगे जी के अध्यक्ष बनने से पार्टी को काफी फायदा मिलेगा।
भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होकर साझा किया अनुभव
12 से 15 अक्टूबर तक राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने को लेकर सैलजा ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा अपने आप मे एक बड़ी पहल है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक समुंदर है जिसमें भांति-भांति के रंग समाए हुए हैं। सैलजा ने कहा कि मोदी सरकार की कार्यशैली से पूरा देश ऊब चुका है। कन्याकुमारी से कश्मीर तक सत्ताधारी सरकार को लेकर लोगों में विरोध देखने को मिल रहा है। सैलजा ने कहा कि आदमपुर उपचुनाव में भाजपा के खिलाफ माहौल बना हुआ है। हालांकि पार्टी प्रत्याशी के लिए चुनाव प्रचार करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी आदमपुर जाने का कार्यक्रम तय नहीं हुआ है।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)