कुरुक्षेत्र : हाईवोल्टेज बिजली लाइन बनी काल...करंट के झटके ने छीना परिवार का इकलौता सहारा,  25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत

punjabkesari.in Friday, Aug 14, 2026 - 08:32 AM (IST)

कुरुक्षेत्र (रणदीप रोर) : हरियाणा के कुरुक्षेत्र में गुरुवार शाम हाईवोल्टेज बिजली लाइन की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक करीब 8 से 10 फीट लंबी भीगी सीढ़ी लेकर जा रहा था। इसी दौरान सीढ़ी मकान के पास से गुजर रही बिजली की लाइन से टकरा गई। करंट लगते ही युवक के हाथ-पैर झुलस गए और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। 

मिली जानकारी के अनुसार, हादसा कंग कॉलोनी में हुआ। मृतक की पहचान अमरगढ़ मझाड़ा निवासी गौरव पांचाल (25) के रूप में हुई है। गौरव ठेकेदार के पास बिजली का काम करता था। गौरव अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला था। गौरव का छोटा भाई राहुल अभी पढ़ाई कर रहा है, जबिक उसके पिता की मौत हो चुकी है। गौरव की मां मूक-बधिर है। 

भीगी सीढ़ी बिजली की लाइन से टकराई

चचेरे भाई अभिषेक पाचांल ने बताया कि गौरव 8 से 10 फीट लंबी सीढ़ी लेकर जा रहा था। सीढ़ी भीगी हुई थी। निर्माणाधीन मकान के पास से हाईवोल्टेज बिजली की लाइन गुजर रही थी। सीढ़ी उठाते समय वह बिजली की लाइन से टकरा गई। लाइन से संपर्क होते ही गौरव को तेज करंट लगा। उसके हाथ और पैर झुलस गए। 

सीढ़ी में लगी आग, टूटकर नीचे गिरी

करंट लगने के बाद सीढ़ी में भी आग लग गई और नीचे गिरते ही टूटकर बिखर गई। हादसा इतना तेज था कि लेंटर में भी छेद हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। कॉलोनी के लोगों ने बिजली विभाग पर शिकायत के बाद भी लाइन को नहीं हटाने और लापरवाही का आरोप लगाया

चचेरे भाई का आरोप- ठेकेदार ने अकेले भेजा

गौरव के चचेरे भाई अभिषेक ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया है। अभिषेक के मुताबिक, गौरव निर्माणाधीन मकान में काम कर रहा था। ठेकेदार ने उसे दूसरे मकान से सीढ़ी लाने के लिए भेजा था। सीढ़ी काफी भारी थी, इसके बावजूद गौरव को इसे अकेले लेकर जाने के लिए भेज दिया गया। सीढ़ी उठाते समय पास से लाइन से टकराई और गौरव करंट की चपेट में आ गया।

पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा

हादसे की सूचना मिलने के बाद सुभाष मंडी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है। परिजनों के बयान और घटनास्थल की स्थिति के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

कॉलोनी के लोग बोले- नहीं हुई कार्रवाई

कॉलोनी निवासी बंटी ने बताया कि उसका पास में ही घर है। कॉलोनी के कई बार बिजली विभाग को इस कॉलोनी से हाईवोल्टेज लाइन हटाने की शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं। इस कारण आज हादसा होने से एक युवक की जान चली गई। दूसरी कॉलोनी से विभाग लाइन हटा चुका है। कहीं ना कहीं इसमें बिजली विभाग भी जिम्मेदार है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static