Kurukshetra : सुसाइड की बात कहकर लापता युवक का नहीं लगा सुराग, नहर किनारे मिली बाइक...परिवार चिंतित

punjabkesari.in Friday, May 01, 2026 - 06:02 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): जिले के पिहोवा क्षेत्र से लापता हुए युवक कुलदीप सिंह (38) का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। युवक द्वारा वीडियो बनाकर आत्महत्या की आशंका जताने के बाद परिवार पूरी रात नहर किनारे पहरा देकर बैठा रहा। हालांकि अभी तक किसी ने उसे नहर में कूदते हुए नहीं देखा है, लेकिन परिवार और पुलिस को अनहोनी की आशंका सता रही है।

जानकारी के अनुसार वीरवार को कुलदीप सिंह ने अपने परिजनों को वीडियो भेजकर अपनी परेशानी बताई थी और इसके बाद वह घर से निकल गया। देर शाम उसकी बाइक ज्योतिसर गांव के पास भाखड़ा नहर किनारे लावारिस हालत में बरामद हुई। इसके बाद से उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है।

परिजनों के मुताबिक कुलदीप ट्रांसपोर्ट के काम से जुड़ा हुआ था। उसके भाई संजीव कुमार ने बताया कि सुबह वह दुकान पर आया था और कुछ देर बाद चला गया। बाद में फोन पर मां की तबीयत खराब होने की बात कहकर घर जाने को कहा। दोपहर में दोबारा कॉल के दौरान वह रोने लगा और कुछ वीडियो भेजे, जिसके बाद उसका संपर्क टूट गया।

वीडियो में युवक ने ट्रांसपोर्टर पर लगाया आरोप

वीडियो में कुलदीप ने एक ट्रांसपोर्टर पर धोखे से मकान अपने नाम करवाने का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि कुलदीप ने सोने-चांदी के जेवर गिरवी रखकर करीब 23 लाख रुपए दिए थे। इसके अलावा कई अन्य लोगों पर भी लाखों रुपए के लेन-देन का दबाव बनाने और रकम वापस न करने के आरोप लगाए गए हैं।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि ट्रांसपोर्टर द्वारा मकान खाली करने और जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं। एक चावल एजेंट समेत अन्य लोगों पर भी पैसे न लौटाने के आरोप सामने आए हैं।

थाना सिटी पिहोवा के SHO सुनील वत्स ने बताया कि युवक की तलाश के लिए पुलिस द्वारा सर्च अभियान चलाया जा रहा है। नहर किनारे लगातार निगरानी की जा रही है और परिवार के सदस्य भी मौके पर मौजूद हैं। परिवार ने कुलदीप के सकुशल वापस लौटने की उम्मीद जताते हुए प्रशासन से जल्द से जल्द उसे ढूंढने की अपील की है। 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)        


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static