अंबाला की Lady Doctor ने दी जान, मरने से पहले पिता को फोन कर कहा था- बहुत परेशान हो गई हूं, अब रिकॉर्डिंग...
punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 10:06 AM (IST)
अंबाला (अमन कपूर) : हरियाणा के अंबाला की रहने वाली 26 वर्षीय लेडी डॉक्टर ने देहरादून में जहरीला इंजेक्शन लगाकर सुसाइड कर लिया। तन्वी देहरादून के ही श्री गुरु राम राय मेडिकल कॉलेज (SGRR) से MS (मास्टर ऑफ सर्जरी) की पढ़ाई कर रही थी।
पिता डॉ. ललित मोहन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कॉलेज की एचओडी तन्वी को परेशान करती थी। इससे कई बार रुपए की डिमांड भी की गई। इसी को लेकर वो परेशान थी। 24 मार्च की रात उन्होंने तन्वी को कॉल करने की कोशिश की। जब उसने फोन नहीं उठाया तो वह खुद अंबाला से देहरादून पहुंचे।
इंद्रेश अस्पताल के पास ही उन्हें तन्वी की कार खड़ी दिखाई दी। ड्राइविंग सीट पर बैठी तन्वी के हाथ में कैनुला लगा था, पास में इंजेक्शन की एक बोतल भी पड़ी हुई थी। शीशा तोड़कर उन्होंने बेटी को बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। देहरादून में परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी डॉक्टर प्रियंका गुप्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई।
पिता को फोन कर कहा- बहुत परेशान हो गई हूं...
हरियाणा के अंबाला की डॉ. तन्वी के देहरादून में सुसाइड करने के मामले में एक ऑडियो रिकॉर्डिंग सामने आई है। चार महीने से परेशान चल रही डॉ. तन्वी ने अपनी हेड ऑफ द डिपार्टमेंट (HOD) से हुई बातचीत की एक कॉल रिकॉर्डिंग की थी। मरने से पहले डॉ. तन्वी ने अंबाला में पिता ललित मोहन को फोन पर कहा था... बहुत परेशान हो गई हूं। अब रिकॉर्डिंग दिखानी ही पड़ेगी।
करीब आधे घंटे की यह ऑडियो पिता को भी भेजी थी, जिसे अब ललित मोहन ने मीडिया के साथ शेयर किया। उन्होंने दावा किया कि ऑडियो में उनकी शिकायत पर देहरादून पुलिस ने श्री गुरु राम राय मेडिकल कॉलेज (SGRR) की नेत्र विज्ञान विभाग की प्रमुख डॉ. प्रियंका गुप्ता पर FIR दर्ज कर ली है। डॉ. मोहन ने बताया कि इसी साल जुलाई में बेटी के फाइनल एग्जाम थे, उसकी मास्टर ऑफ सर्जरी (MS) की डिग्री कंप्लीट हो जाती। 24 मार्च की रात को बेटी ने 1 घंटा बात की। जिसमें उसने सारी आपबीती बताई थी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)