दिल्ली से हो रही थी अंबाला में सप्लाई, करोड़ों की हेरोइन सहित पकड़ी गई विदेशी महिला, हो सकते हैं बड़े खुलासे...
punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 05:33 PM (IST)
अंबाला (अमन कपूर) : हरियाणा के अंबाला से बड़ी खबर सामने आई है, जहां CIA-1 टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक विदेशी महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। महिला के पास से करीब डेढ़ करोड़ रुपये की हेरोइन बरामद की गई है। पकड़ी गई अफ्रीकन महिला दिल्ली से नशा लाकर अंबाला में सप्लाई कर रही थी।
मिली जानकारी के अनुसार अंबाला की CIA-1 टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक महिला नशा तस्करी में लिप्त है और दिल्ली से नशा लाकर अंबाला में सप्लाई कर रही है। इसी सूचना के आधार पर टीम ने अंबाला कैंट बस स्टैंड के पास कार्रवाई करते हुए एक महिला को काबू किया।
तलाशी के दौरान महिला के पास से करीब 306 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार महिला की पहचान हलीमा नफोसा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से अफ्रीका की रहने वाली है। पकड़ी गई अफ्रीकन महिला दिल्ली से नशा लाकर अंबाला में सप्लाई कर रही थी।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस ने आरोपी महिला को न्यायालय में पेश कर 5 दिन का रिमांड हासिल किया है। रिमांड के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि महिला नशा कहां से लाती थी, किन-किन जगहों पर सप्लाई करती थी और इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और उम्मीद जताई जा रही है कि इस खुलासे से नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हो सकता है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)