हरिद्वार में विसर्जित की लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की अस्थियां, बिलख-बिलख कर रोने लगे पिता
punjabkesari.in Friday, Apr 25, 2025 - 06:19 PM (IST)

डेस्कः पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए करनाल के लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की अस्थियां हर की पौड़ी पर गंगा में विसर्जित की गई। इस मौके पर विनय नरवाल के पिता और भाई मौजूद रहे। विनय नरवाल की अस्थियों को विसर्जित करते समय उनके पिता की आंखों से आंसू आ गए और बिलख बिलख कर रोने लगे। भाजपा नेताओं ने लेफ्टिनेंट विनय नरवाल को श्रद्धांजलि दी।
दरअसल, हरियाणा के करनाल से शहीद विनय नरवाल के पिता और भाई उनकी अस्थियां लेकर हरिद्वार पहुंचे। यहां हर की पौड़ी पर विधि विधान के साथ विनय की अस्थियों को गंगा में विसर्जित किया गया। अस्थियां विसर्जित करने के दौरान विनय नरवाल के पिता बिलख बिलख कर रोते रहे और अपने बेटे को याद करते रहे। तीर्थ पुरोहित सूरज ने अस्थि विसर्जन का कार्य संपन्न कराया। इस दौरान हरिद्वार विधायक समेत अन्य भाजपा नेताओं और सैनिक कल्याण विभाग के अधिकारियों ने शहीद को श्रद्धांजलि दी।
बता दें कि 22 अप्रैल को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में नेवी में लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की मौत हो गई थी। बुधवार को करनाल में उनका अंतिम संस्कार किया गया था। वहीं, आज यानी शुक्रवार को लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की अस्थियां हरिद्वार में विसर्जित की गई है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)