लोहे की सीढ़ी में आया करंट, सात साल का मासूम चपेट में आया, मौत

punjabkesari.in Wednesday, Jul 29, 2026 - 08:42 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर 52 स्थित झुग्गी बस्ती में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां बिजली के तार से उबरे करंट की चपेट में आने से एक सात साल के बच्चे की मौत हो गई। मृतक बच्चे की पहचान सात वर्षीय फिरोज शेख के रूप में हुई है। हादसे के समय बच्चा अपनी झुग्गी के बाहर नहा रहा था, तभी अचानक सीढ़ी को छूने से वह करंट की चपेट में आ गया। इस हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

मूल रूप से पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के खिसार गांव का रहने वाला शेख परिवार पिछले चार वर्षों से सेक्टर 52 की झुग्गी बस्ती में रह रहा था। बच्चे के पिता पलटू शेख स्थानीय इलाके में हाउसकीपिंग का काम करके अपने परिवार का पेट पालते हैं। फिरोज अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। हादसे के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। 

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार दोपहर की है। दो मंजिला झुग्गी पर जाने के लिए बाहर लोहे की सीढ़ी लगी हुई थी। फिरोज झुग्गी के बाहर ही नहा रहा था। इसी दौरान खेल-खेल में या सहारा लेने के लिए उसने सीढ़ी को हाथ लगा दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, झुग्गियों में बिजली सप्लाई के लिए ऊपर से अवैध या खुले केबल की तारें गुजरी हुई हैं। इन्हीं केबल की तारों से कट लगकर करंट लोहे की सीढ़ी में उतर आया था। जैसे ही मासूम ने सीढ़ी को छुआ, वह तेज करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही तड़पने लगा।

 

बच्चे को तड़पता देख आसपास के लोग तुरंत दौड़े और किसी तरह उसे करंट से अलग कर पास के अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया । प्राथमिक जांच में मामला बिजली की केबल से सीढ़ी में करंट उतरने का ही लग रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि बिजली सप्लाई के लिए बिछी केबल में लापरवाही किसकी थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static