एक लड़की, दो आशिक और इंस्टाग्राम की रंजिश, करनाल में छात्र प्रतीक की हत्या का वो सच जिसने पुलिस को भी चौंकाया
punjabkesari.in Friday, Jul 17, 2026 - 08:53 AM (IST)
करनाल: धोलगढ़ गांव के पास मंगलवार को दसवीं कक्षा के छात्र प्रतीक की हत्या सोशल मीडिया से उपजी प्रेम प्रतिस्पर्धा के कारण की गई। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी दलजीत को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी दलजीत कक्षा 12वीं का छात्र है। प्रतीक ने इंस्टाग्राम पर दलजीत की प्रेमिका से दोस्ती की थी। उसने उसे दो बार प्रपोज भी किया था। इसी रंजिश में दलजीत ने दो नाबालिग कक्षा 10वीं
के छात्रों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। दोनों नाबालिगों को संरक्षण में लिया गया है। अदालत ने दलजीत को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस अब हत्या में प्रयुक्त डंडा व बाइक बरामद करेगी। डीएसपी मुख्यालय संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी दलजीत की करीब एक वर्ष पहले सदर थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। इसी बीच धोलगढ़ निवासी प्रतीक भी उस युवती के संपर्क में था
और वह भी उससे दोस्ती करना चाहता था। करीब छह माह पहले प्रतीक ने युवती को प्रपोज किया था। लड़की ने दलजीत को इस बारे में जानकारी दे दी। तब दलजीत ने उचाना में प्रतीक के स्कूल के बाहर आकर उसे धमकाते हुए लड़की से दूर रहने की चेतावनी दी थी। अब हत्या से तीन दिन पहले प्रतीक ने एक बार फिर युवती को प्रपोज किया। इससे दलजीत भड़क उठा और हत्या की साजिश रच दी।