Manisha Death Case: न्याय की मांग को लेकर आज ढाणी लक्ष्मण में महापंचायत! ग्रामीणों ने दिया था CBI को अल्टीमेटम
punjabkesari.in Sunday, Jun 07, 2026 - 01:21 PM (IST)
भिवानी: बहुचर्चित मनीषा मौत मामले में सीबीआई जांच पूरी होने के बावजूद खुलासा नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने रविवार को गांव ढाणी लक्ष्मण में महापंचायत बुलाई है। महापंचायत में क्षेत्र के सामाजिक संगठनों, किसान संगठनों और विभिन्न वर्गों के लोगों के जुटने की संभावना है। वहीं पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। महापंचायत के लिए मुख्य बस स्टैंड के पास पिछड़ा वर्ग की चौपाल के सामने खाली पड़ी जगह पर टेंट लगाया गया है।
आयोजकों को बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। मृतक मनीषा के पिता संजय ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अधिक से अधिक लोगों, सामाजिक संगठनों, किसान संगठनों और आमजन से बेटी को न्याय दिलाने के लिए महापंचायत में पहुंचने की भावुक अपील की है।
न्याय संघर्ष समिति के सदस्यों ने क्षेत्र के प्रत्येक गांव में जाकर लोगों को महापंचायत में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया है। ग्रामीणों के अनुसार सीबीआई को जांच का खुलासा करने के लिए 90 दिन का अल्टीमेटम दिया गया था लेकिन निर्धारित अवधि में खुलासा नहीं हुआ।