भ्रष्टाचार पर बड़ा प्रहार...JE और 2 लाइनमैन रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, ACB ने जाल बिछाकर दबोचे

punjabkesari.in Monday, Jun 08, 2026 - 08:52 PM (IST)

फरीदाबाद (अनिल राठी) : हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने फरीदाबाद में बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर (JE) और दो लाइनमैन को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि कर्मचारियों ने बिजली मीटर की क्षमता बढ़ाने के बदले उपभोक्ता से अवैध रूप से पैसे मांगे थे।

मिली जानकारी के अनुसार सेक्टर-15ए स्थित बिजली विभाग के कर्मचारियों ने क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान एक लाइब्रेरी में बिजली खपत के मुकाबले कम क्षमता का मीटर लगा हुआ पाया। इसके बाद विभागीय कार्रवाई का हवाला देते हुए संबंधित उपभोक्ता से संपर्क किया गया।

लोड बढ़ाने के बदले पैसों की डिमांड की

आरोप है कि मामले को निपटाने और मीटर का लोड बढ़ाने के बदले कर्मचारी पक्ष ने पैसों की मांग की। शिकायतकर्ता ने उनकी मांग के अनुसार पहले 3 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए, जबकि बाकि 8 हजार रुपए कैश देने की बात तय हुई थी।

8 हजार रुपए कैश लेते पकड़े

उपभोक्ता ने पूरे मामले की जानकारी एंटी करप्शन ब्यूरो को दे दी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने योजना बनाकर कार्रवाई की। तय कार्यक्रम के तहत जब शिकायतकर्ता सेक्टर-15ए कार्यालय में नकद राशि देने पहुंचा, तो मौके पर मौजूद टीम ने कार्रवाई करते हुए जेई शोकीन खान और दो लाइनमैन अरूण नरेन्द्र को हिरासत में ले लिया।

एक अन्य कर्मचारी मौके से फरार, जांच जारी

एसीबी अधिकारियों के अनुसार मामले में शामिल एक अन्य कर्मचारी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार से संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। ब्यूरो यह भी पता लगाने में जुटी है कि क्या इस तरह की वसूली पहले भी की जाती रही है।

 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)               

 

 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static