Haryana Police: अब 24 घंटे हरियाणावासियों को मिलेगी मदद, अभेद्य एप में हुआ ये बड़ी Update
punjabkesari.in Saturday, Apr 25, 2026 - 01:15 PM (IST)
चंडीगढ़: पुलिस ने लोगों की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए अभेद्य एप को और ज्यादा प्रभावी बनाते हुए 24 घंटे हेल्पलाइन और व्हाट्सएप सपोर्ट की सुविधा जोड़ दी है। एप उपयोगकर्ता 01722-930112 नंबर पर कॉल कर सकते हैं या +91 9056555492 पर व्हाट्सएप के जरिए संपर्क कर सकते हैं। एडीजीपी साइबर अपराध सिबास कबिराज के मुताबिक अगर किसी को संदिग्ध कॉल, साइबर ठगी या डिजिटल उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है तो वह तुरंत इसकी सूचना देकर मदद पा सकता है।
अभेद्य एक स्मार्ट मोबाइल एप है जिसे हरियाणा पुलिस ने साइबर सुरक्षा के लिए विकसित किया है। यह एप अज्ञात व अंतरराष्ट्रीय नंबरों की पहचान कर उन्हें ब्लॉक करता है। साथ ही संदिग्ध मैसेज, कॉल आदि को यूजर तक पहुंचने से पहले ही हटा देता है।
क्यों जरूरी है यह अपडेट?
आजकल अंतरराष्ट्रीय नंबरों से कॉल कर लोगों को डराने या निवेश के नाम पर ठगने के मामले तेजी से बढ़े हैं। 24/7 व्हाट्सएप सपोर्ट मिलने से पीड़ित व्यक्ति तुरंत स्क्रीनशॉट या संदिग्ध लिंक पुलिस के साथ साझा कर सकेगा, जिससे अपराधियों तक पहुँचना आसान होगा।