हरियाणा में भीषण गर्मी के बीच बड़ी राहत,  15 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट... कल से प्री-मानसून पकड़ेगा रफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Jun 30, 2026 - 12:30 PM (IST)

डेस्क:  हरियाणा में मानसून की कशमकश के बीच उमस और भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। दिन के झुलसाते तापमान के साथ-साथ अब रातें भी सुलग रही हैं। हालांकि, मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेशवासियों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर दी है। आज राज्य के 15 जिलों में धूल भरी आंधी चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि कल (1 जुलाई) से राज्य में प्री-मानसून पूरी तरह एक्टिव होने जा रहा है।

11 शहरों का पारा 40°C के पार; रोहतक रहा सबसे गर्म
पिछले 24 घंटों में हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में हीटवेव (लू) जैसे हालात बने रहे। राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.5°C अधिक दर्ज किया गया। प्रदेश के 11 प्रमुख शहरों में पारा 40°C के आंकड़े को पार कर गया।
गर्मी का आलम यह है कि सूरज ढलने के बाद भी लोगों को चैन नहीं मिल रहा है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.6°C तक ज्यादा चल रहा है। फरीदाबाद में रात का न्यूनतम तापमान 32°C दर्ज किया गया, जबकि सिरसा में 31°C और अंबाला में 30.8°C रहा। अधिकांश जिलों में रात का पारा 28°C से 31°C के बीच रहने के कारण उमस और गर्मी से लोग बेहाल हैं।

आज इन 15 जिलों में आंधी और आकाशीय बिजली का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और राजस्थान-पंजाब के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण आज हरियाणा के 15 जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

अलर्ट वाले जिले
हरियाणा में  सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल और यमुनानगर। इसके अलावा अंबाला, पंचकूला और चंडीगढ़ में भी हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। वहीं रोहतक, झज्जर, सोनीपत, पानीपत और जींद में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा।

कल से प्री-मानसून की दस्तक, 2-4 डिग्री गिरेगा पारा
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, 1 जुलाई से प्री-मानसून गतिविधियां काफी मजबूत हो जाएंगी। इसके बाद 2 और 3 जुलाई को उत्तर और उत्तर-पूर्वी हरियाणा में अनेक स्थानों पर झमाझम बारिश होने की संभावना है। मानसूनी हवाओं के सक्रिय होने से अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी, जिससे लोगों को इस चिपचिपी गर्मी और उमस से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।

 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static