CM नायब सैनी की सुरक्षा में बड़ी चूक: रैली में भेजा गया खाली ऑक्सीजन सिलिंडर... नर्सिंग अधिकारी पर गिरी गाज
punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 06:43 PM (IST)
चंडीगढ़/कुरुक्षेत्र: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग की एक गंभीर लापरवाही के कारण सीएम की रैली के दौरान आपातकालीन चिकित्सा के लिए रखा गया ऑक्सीजन सिलिंडर खाली पाया गया। इस मामले में सीआईडी (CID) और सीएमओ (CMO) की जांच के बाद दोषी अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है।
मामला 5 अप्रैल का है, जब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करने जिमखाना क्लब पहुंचे थे। प्रोटोकॉल के अनुसार, वीवीआईपी सुरक्षा के तहत मुख्यमंत्री के लिए एक विशेष मेडिकल टीम और एंबुलेंस तैनात की गई थी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस में लाइफ सपोर्ट सिस्टम और ऑक्सीजन सिलिंडर का होना अनिवार्य था। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले जब सुरक्षा दस्ते और स्वास्थ्य टीम ने उपकरणों की जांच की, तो पता चला कि जो सिलिंडर वहां रखा गया था, वह पूरी तरह खाली था। ऐन वक्त पर हुई इस जानकारी से स्वास्थ्य विभाग के हाथ-पांव फूल गए और आनन-फानन में दूसरा सिलिंडर मंगवाकर व्यवस्था दुरुस्त की गई।
मामला सीधे मुख्यमंत्री की सुरक्षा से जुड़ा था, इसलिए इसकी गंभीरता को देखते हुए सीएमओ और सीआईडी ने संयुक्त जांच शुरू की। जांच की रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ है कि यह कोई तकनीकी खराबी नहीं, बल्कि ड्यूटी पर तैनात अधिकारी की सीधी लापरवाही थी।