कहासुनी के बाद महिला की बीच सड़क पर गला दबाकर हत्या, पुलिस से बचने के चक्कर में ड्रेन में गिरा आरोपी, दोनों पैर टूटे
punjabkesari.in Friday, Jun 26, 2026 - 07:24 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): कहासुनी के बाद एक व्यक्ति द्वारा 25 वर्षीय महिला की बीच सड़क पर चुन्नी से गला दबाकर हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने हत्या के बाद शव को सेक्टर-93 चौकी एरिया के जंगल में फेंक दिया था। सूचना के आधार पर जब पुलिस आरोपी को काबू करने के लिए रामपुरा चौक पर पहुंची तो आरोपी ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया जिसके कारण वह ड्रेन में गिर गया और उसके दोनों पैरों में चोट लगी। आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल से इलाज के बाद अब आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस प्रवक्ता एएसआई संदीप ने बताया कि 12 जून को एक व्यक्ति ने थाना खेड़की दौला में शिकायत दी थी कि यह बरेली (उत्तर-प्रदेश) का रहने वाला है तथा गांव सिकंदरपुर सेक्टर-85, गुरुग्राम में किराए पर रहता है। इसकी पत्नी शबीना (उम्र-25 वर्ष) 8 जून को बिना बताए घर से कहीं चली गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गुमशुदगी का केस दर्ज कर लिया। जांच के दौरान 14 जून को पुलिस को सेक्टर-93 चौकी एरिया में एक महिला का शव बरामद हुआ। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद 17 जून को मामले में हत्या से संबंधित धाराओं को जोड़ दिया।
मामले को जांच के लिए अपराध शाखा मानेसर को सौंपा गया। अपराध शाखा मानेसर की टीम ने कार्यवाही करते हुए मामले में आरोपी की पहचान कर गिरफ्तार करने के प्रयास किए। आरोपी को जब सूचना के आधार पर पकड़ने के लिए टीम रामपुरा चौक पर पहुंची जहां पर आरोपी ने पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी सड़क किनारे ड्रेन में गिर गया। जिसके बाद आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी की पहचान दीपू राय (उम्र-28 वर्ष) निवासी नेताजी कॉलोनी सिलिगुड़ी जिला दार्जिलिंग (पश्चिम-बंगाल) हाल निवासी सांगली मेस महात्मा ज्योतिबा फूले मार्ग, नई दिल्ली के रूप में हुई है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सैक्टर-89, गुरुग्राम में टॉयलेट सफाई का काम करता है। मृतक महिला कूड़ा बीनने का काम करती थी। 9 जून को सुबह महिला जब कूड़ा बीनने निकली तो सुबह लगभग 4:30 बजे अंतरिक्ष चौक नजदीक सैक्टर 89, गुरुग्राम पर आरोपी की महिला के किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और झगड़ा हुआ। जब महिला ने शोर मचाया तो आरोपी ने महिला की चुन्नी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।