आरोपी को पकड़ने के लिए शिकायतकर्ता की कार ले गई थी पुलिस, आरोपी हुआ फरार, 2 पुलिसकर्मी सस्पेंड

punjabkesari.in Friday, Jul 03, 2026 - 08:06 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): गाड़ी चोरी करने के मामले में वर्कशॉप के पूर्व कर्मचारी को पकड़ने गई गुड़गांव पुलिस का बड़ा कारनामा सामने आया है। सेक्टर-14 थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए शिकायकर्ता की निजी गाड़ी का उपयोग किया। पुलिस शिकायतकर्ता की निजी कार लेकर मध्यप्रदेश के सागर जिले में गई और आरोपी को पकड़कर वापस ला रही थी कि आरोपी मौका पाकर पुलिस कस्टडी से गाड़ी लेकर फरार हो गया। हालांकि कुछ दूरी पर गुड़गांव पुलिस को गाड़ी तो मिल गई, लेकिन आरोपी का कोई सुराग हाथ नहीं लगा। मामले में संज्ञान लेते हुए पुलिस कमिश्नर शिबास कबिराज ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। पुलिस कमिश्नर ने मामले में दो पुलिसकर्मियों को उनकी लापरवाही और शिकायतकर्ता की निजी कार का उपयोग करने पर सस्पेंड किया है। इसके साथ ही सेक्टर-14 थाना प्रभारी व मुंशी (MHC) के खिलाफ भी कार्रवाई की है। पुलिस कमिश्नर ने चारों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए हैं।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

पुलिस के मुताबिक, अशोक विहार फेज-3 निवासी जसबीर सिंह ने सेक्टर-14 थाना पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि उनकी कंपनी की गाड़ी मरम्मत के लिए सेक्टर-12 की एक वर्कशॉप में दी थी। जब गाड़ी की डिलीवरी लेने के लिए कंपनी का एक कर्मचारी गया तो पता लगा कि गाड़ी वर्कशॉप में नहीं है और गाड़ी चोरी हो गई है। मामले में जब वर्कशॉप में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की गई तो पाया कि वर्कशॉप में पहले काम करने वाला एक कर्मचारी मध्य प्रदेश के सागर जिले का रहने वाला प्रकाश रज्जाक गाड़ी चोरी कर ले गया है। पुलिस को शिकायत देकर केस दर्ज कराया था। 

 

17 जनवरी को केस दर्ज करने के बाद भी पुलिस ने करीब छह महीने तक कोई कार्रवाई नहीं की। अब आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सेक्टर-14 थाना पुलिस ने मध्य प्रदेश के सागर जिले में रेड करने की योजना बनाई और यहां रेड करने के लिए सरकारी गाड़ी न ले जाकर शिकायतकर्ता की निजी कार लेकर गए। जब आरोपी व उसके पिता को उसके घर से काबू करके गुड़गांव पुलिस निजी कार से वापस लौट रही थी तो मंदसौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गरोठ में कार में पेट्रोल भरवाने के लिए पुलिस रूकी तो यहां पुलिसकर्मियों ने घोर लापरवाही बरती। पेट्रोल भरवाने के समय पुलिसकर्मी लापरवाह हो गए और शौच करने के लिए चले गए। इसी दौरान आरोपी प्रकाश रज्जाक ने मौके का फायदा उठाया और सीधे ही गाड़ी का स्टेयरिंग संभाल लिया और गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। इस दौरान आरोपी का पिता भी उसके साथ मौजूद था। 

 

इस घटना से पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया और वह आरोपी को पकड़ने के लिए उसके पीछे भागे, लेकिन उनके पास कोई गाड़ी न होने के कारण वह आरोपी का पीछा नहीं कर सके। वहीं, आरोपी ने भी फरार होने के स्थान से कुछ ही दूरी पर गाड़ी को सड़क पर छोड़ दिया और जंगल के रास्ते आरोपी फरार हो गए। इसकी सूचना जब गुड़गांव पुलिस के अधिकारियों को लगी तो उन्होंने पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार करते हुए उन्हें न केवल सस्पेंड किया बल्कि उनके खिलाफ विभागीय जांच के भी आदेश दिए हैं। वहीं, मामले में पुलिस कमिश्नर ने थाना प्रभारी व मुंशी की भी लापरवाही मानी है जिसके बाद उनके खिलाफ भी विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static