फीस चोरी पर मंडी प्रशासन का हंटर: पकड़ा गया 2,000 क्विंटल अवैध सरसों का स्टॉक, मिलर्स से वसूला जुर्माना

punjabkesari.in Saturday, Apr 11, 2026 - 03:10 PM (IST)

रेवाड़ी(महेंद्र भारती):  नई अनाज मंडी में मिलर्स द्वारा मार्केट फीस चोरी का मामला सामने आने के बाद मंडी प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। मार्केट कमेटी की टीम ने मिलर्स के स्टॉक और रजिस्टरों की जांच की, जिसमें करीब दो हजार क्विंटल सरसों का अतिरिक्त स्टॉक मिला। इस अनियमितता के आधार पर संबंधित मिलर्स से करीब दो लाख रुपये से अधिक की फीस सरकारी खाते में जमा कराई गई। 

मार्केट कमेटी सचिव मनीष कुमार ने बताया कि जांच के दौरान 5 से 6 मिलर्स के रजिस्टरों की पड़ताल की गई। रजिस्टर में दर्ज उपज की मात्रा मौके पर मौजूद स्टॉक से कम पाई गई। जब अधिकारियों ने भौतिक सत्यापन किया तो लगभग दो हजार क्विंटल सरसों अधिक मिली, जिससे फीस चोरी का मामला उजागर हुआ। उन्होंने बताया कि मंडी नियमों के अनुसार सरसों पर 1 प्रतिशत और गेहूं पर 2 प्रतिशत मार्केट फीस निर्धारित है। ऐसे में कम स्टॉक दिखाकर फीस बचाने की कोशिश की गई थी। जांच में स्पष्ट अंतर सामने आने के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए बकाया फीस की राशि जमा कराई गई। सचिव ने कहा कि रजिस्टर में दर्ज मात्रा और मौके पर उपलब्ध उपज में अंतर के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। 

मंडी में पारदर्शिता बनाए रखने और राजस्व नुकसान रोकने के लिए इस तरह की जांच नियमित रूप से जारी रहेगी। उन्होंने यह भी बताया कि सरकारी नियमों के तहत मार्केट फीस चोरी पर केवल बकाया वसूली ही नहीं, बल्कि 25 से 50 प्रतिशत तक जुर्माना लगाने का भी प्रावधान है। ऐसे मामलों में आगे भी सख्ती बरती जाएगी। मंडी अधिकारियों के अनुसार, मौजूदा सीजन में नई अनाज मंडी में अब तक करीब 1.65 लाख क्विंटल सरसों और लगभग 7 हजार क्विंटल गेहूं की खरीद हो चुकी है। सरसों की आवक अच्छी बनी हुई है, लेकिन कुछ मिलर्स द्वारा फीस चोरी की घटना ने मंडी व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static