Rewari: बिहारीपुर के कबीरपंथी आश्रम में गेट तोड़कर चोरी, चांदी के 5 छत्र, नकदी और मोबाइल ले उड़े चोर

punjabkesari.in Saturday, Sep 12, 2026 - 06:29 PM (IST)

रेवाड़ी(महेंद्र भारती ): गांव बिहारीपुर स्थित प्रसिद्ध कबीरपंथी आश्रम में चोर लोहे का गेट तोड़कर अंदर घुस गए और चांदी के पांच छत्र, 14 हजार रुपये की नकदी व एक मोबाइल चोरी कर फरार हो गए। वारदात के समय आश्रम के महंत परम दास किसी काम से रेवाड़ी गए हुए थे। महंत परम दास ने बताया कि वह सुबह किसी काम से रेवाड़ी गए थे और रात को वहीं रुक गए। अगले दिन दोपहर करीब एक बजे जब वह आश्रम पहुंचे तो लोहे का गेट टूटा हुआ था। आश्रम के अंदर सभी लाइटें जल रही थीं और कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। 

जांच करने पर चांदी के पांच छत्र, बिस्तर के नीचे रखी 14 हजार रुपये की नकदी और एक श्रद्धालु द्वारा भेंट किया गया मोबाइल गायब मिला। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना गांव के सरपंच को दी गई। सरपंच के मौके पर पहुंचने के बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और थाने में लिखित शिकायत देने को कहा। महंत ने बताया कि उन्हें किसी पर शक नहीं है, लेकिन आश्रम की लाइटें जलती मिलने से अंदेशा है कि चोरी रात के समय की गई। 

ग्रामीण सुमेर सिंह ने बताया कि आश्रम गांव के बीच में स्थित है और महंत के बाहर होने की जानकारी किसी स्थानीय व्यक्ति को ही रही होगी। उन्होंने आशंका जताई कि गांव के ही किसी व्यक्ति ने वारदात को अंजाम दिया है। ग्रामीणों के अनुसार आश्रम में पहले भी छोटी-मोटी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static