''दिल्ली में मां-बेटा...हरियाणा में बापू-बेटा कांग्रेस को कर रहे तबाह'', करनाल में गरजे मनोहर लाल

punjabkesari.in Monday, May 20, 2024 - 07:56 PM (IST)

चंडीगढ़/ करनाल (चंद्र शेखर धरणी): पूर्व मुख्यमंत्री एवं करनाल लोकसभा सीट से प्रत्याशी मनोहर लाल ने करनाल दशहरा ग्राउंड में आयोजित विजय संकल्प रैली में लोगों को संबोधित किया। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में कहा कि प्रदेश की जनता 10 लोकसभा और एक करनाल विधानसभा सीट भारी मतों से जिताकर भाजपा की झोली में डालेगी। यह संकल्प प्रदेश की जनता ने ले लिया है। मनोहर लाल ने नारा दिया "25 मई कांग्रेस फिर गई"।

'दिल्ली बैठकर मां-बेटा देख रहे पीएम बनने का सपना'

उन्होंने कहा कि प्रदेश से एक ही आवाज आ रही है अबकि बार 400 पार। पिछली बार भी प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को हराकर भाजपा को सत्ता में आने का मौका दिया था। इस बार भी जनता ने भाजपा को जिताने का मन बना लिया है। यहां भीषण गर्मी में प्रदेश के लोग देश के गृहमंत्री अमित शाह के लिए एकत्र हुए हैं। प्रदेश के लोगों ने संकल्प लिया है कि वे भाजपा के साथ हैं। विकास के साथ हैं। मनोहर लाल ने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि हरियाणा में बापू-बेटा कहीं न कहीं मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं, वहीं, दिल्ली में बैठकर मां बेटा प्रधानमंत्री बनने का सपना ले रहे हैं, लेकिन देश की जनता कांग्रेस के इन लोगों को सत्ता में नहीं आने देगी। इनके सपने कभी पूरे नहीं होंगे।

कांग्रेस को खत्म करने वाले गांधी के सपने को पूरा कर रहे राहुलः मनोहर लाल 

पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि राहुल गांधी खुद को महात्मा गांधी का अनुयायी बता रहे हैं, लेकिन वह तो उनके पासिंग भी नहीं हैं। हां, वे महात्मा गांधी के एक सपने को जरूर पूरा कर रहे हैं,  वह है कांग्रेस को खत्म करने का। भारत की आजादी के बाद 1947 में महात्मा गांधी ने कहा था कि अब कांग्रेस की जरूरत नहीं है इसे खत्म कर देना चाहिए। इस सपने को अब राहुल गांधी पूरा कर रहे हैं। वह कांग्रेस को खत्म करके ही मानेंगे।

गांवों में मोदी की गारंटी चल रही हैः खट्टर

मनोहर लाल ने कहा कि जब हम गांव में जाते हैं तो एक ही स्वर में लोग मोदी सरकार की गारंटी की बात करते हैं। मैं तो यही कहूंगा कि कांग्रेस बौखला गई है। उसमें ऐसी बौखलाहट चल रही है, जैसे दिल्ली में मां-बेटा, वैसे ही हरियाणा में बापू-बेटा पार्टी को तबाह कर रहे हैं। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि करनाल लोकसभा सुरक्षित हाथों में है। आने वाले 4 जून को इसका परिणाम भी सामने आ जाएगा।

शाह ने सरदार पटेल के सपने को पूरा किया

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सरदार वल्लभ भाई पटेल के सपनों को पूरा किया है। अमित शाह का स्वागत करते हुए मनोहर लाल ने कहा कि कर्ण नगरी में आपका स्वागत करता हूं। करनाल दानवीर कर्ण की नगरी है। यह धरती हमेशा समाज को कुछ न कुछ देने को तत्पर रहती है। भीषण गर्मी के साथ चुनाव की गर्मी में हरियाणा में जो उत्साह दिख रहा है, उससे तय हो गया है कि लोग हरियाणा की 10 की 10 सीटों पर कमल खिलाने की गारंटी दे रहे हैं। इसके अलावा करनाल विधानसभा से भी कमल खिलाकर देश के प्रधानमंत्री को देंगे। देश में तीसरी बार मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे और देश को विकास की ओर लेकर जाएंगे। मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा की जनता कह रही है कि 25 मई कांग्रेस फिर गई। मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। इस बार भाजपा का लक्ष्य 400 पार का है। उपस्थित जनसमूह से अपील करते हुए मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा के लोग भी सभी दस सीटें जिताकर मोदी जी के हाथ मजबूत करें।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Saurabh Pal

Related News

static