हर परिस्थिति से निपटने के लिए सरकार के पास पर्याप्त रणनीति और संसाधन मौजूद हैं : मनोहर लाल खट्टर

punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 04:59 PM (IST)

करनाल : ई-दिशा की बैठक में शामिल होने के लिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ट्रेन से करनाल पहुंचे, जहां रेलवे स्टेशन पर उन्होंने पत्रकारों से संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी देशवासियों को रामनवमी और दुर्गा अष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पावन दिन सभी के जीवन में सुख-समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा लेकर आए।

ट्रेन यात्रा पर सरल सोच 

उन्होंने अपने ट्रेन से आने को बिल्कुल सामान्य बताते हुए कहा कि दिल्ली से पानीपत या करनाल तक का सफर रेल मार्ग से सुविधाजनक और सहज रहता है। साथ ही उन्होंने संकेत दिए कि क्षेत्र में ट्रेनों के ठहराव और सुविधाओं को आवश्यकता अनुसार आगे भी बढ़ाया जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय हालात और भारत की तैयारी 

पेट्रोलियम और गैस आपूर्ति पर उठे सवालों के जवाब में मंत्री ने स्पष्ट किया कि यह केवल भारत का नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर उत्पन्न चुनौती है। कुछ देशों के बीच चल रहे संघर्षों का असर ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहा है, लेकिन भारत पूरी तरह सतर्क और तैयार है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी संभावित परिस्थिति से निपटने के लिए सरकार के पास पर्याप्त रणनीति और संसाधन मौजूद हैं।

पैनिक नहीं, भरोसा जरूरी 

लंबी लाइनों और लोगों की चिंता पर उन्होंने कहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। देश के पास पर्याप्त स्टॉक और विकल्प मौजूद हैं। उन्होंने लोगों से संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि वर्तमान स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और निकट भविष्य में भी किसी प्रकार की कमी की आशंका नहीं है।

आत्मनिर्भर भारत की दिशा 

प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अब समय है अपने संसाधनों पर भरोसा करने का। वैश्विक लेन-देन अपनी जगह है, लेकिन भारत हर परिस्थिति में खुद को सक्षम बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्यसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने सहज अंदाज में कहा कि राजनीति में परिस्थितियां बदलती रहती हैं, कभी मीठे तो कभी चुनौतीपूर्ण अनुभव सामने आते हैं और यही लोकतंत्र की खूबसूरती है। 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)       

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static