रोज रात को मुख्यमंत्री बनकर सोते हैं भाजपा के कई मंत्री, फिर भी उनसे कोई नहीं पूछता सवाल : सुरजेवाला
punjabkesari.in Wednesday, Jun 28, 2023 - 09:30 PM (IST)

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी) : लंबे समय से कांग्रेस का संगठन ना बन पाना पार्टी की गुटबाजी का सबसे बड़ा सबूत है। मुख्यतौर पर प्रदेश कांग्रेस में भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी शैलजा, किरण चौधरी और रणदीप सुरजेवाला के अपने-अपने गुट हैं। तमाम कांग्रेसी नेता अब यह मानने भी लगे हैं कि एकजुट होकर ही सत्ता हासिल हो सकती है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने मीडिया से मुखातिब होते हुए एक प्रश्न का बड़े बेहतरीन तरीके से जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस में हम सभी वैचारिक और सैद्धांतिक रूप से एक साथ हैं। कांग्रेस को लाने के लिए सभी प्रयासरत हैं। हम केवल सत्ता परिवर्तन ही नहीं व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई भी लड़ रहे हैं। बेहतरीन हरियाणा की बुनियाद कांग्रेस पार्टी दोबारा रखेगी। हर गरीब, अनुसूचित, पिछड़े, मजदूर, किसान, दुकानदार की आवाज के लिए कांग्रेस सरकार में जगह होगी, हम ऐसी सरकार लाना चाहते हैं। राजनीति में प्रतिस्पर्धा और इच्छा व्यक्त करने में बुराई नहीं होती, बल्कि यह सुखद प्रजातंत्र का एक सबूत है। उन्होंने मीडिया की बातों का जवाब देते हुए कहा कि जिसे आप गुटबाजी कहते हैं, उसे मैं स्वस्थ प्रजातांत्रिक प्रक्रिया की रूपरेखा मानता हूं। प्रदेश के भले के लिए हम कभी इकट्ठे हैं तो कभी अलग-अलग, यह एक राजनीतिक परंपरा का सूत्र है।
कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल पर जवाब देते हुए रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा में राजनीतिक परंपरा अलग तरह से नजर आती है। मुख्यमंत्री को बदलने के लिए एक बड़े केंद्रीय मंत्री की बेटी का बयान आया, लेकिन उनसे कोई सवाल नहीं पूछता। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ के मन में रोज लड्डू फूटते हैं और वह रोज मन बनाते हैं कि मुख्यमंत्री के पद पर बैठ जाऊं। दुष्यंत चौटाला चाहते हैं कि मुख्यमंत्री बनने का उनका मौका लग जाए या फिर जहां हूँ कम से कम उस कुर्सी से चिपका रहूं। वहां से कभी छुट्टी ना हो जाए। कैप्टन अभिमन्यु यह सोचते रहते हैं कि उनका नंबर कब लगेगा। एक भाजपा के केंद्रीय मंत्री ने गुड़गांव में दफ्तर खोल लिया, लाइब्रेरी भी खोल दी, उन्हें ऐसा लगता है कि उन्हें उन्हें मुख्यमंत्री बनाया जा रहा है। एक भाजपा के मंत्री चाय की दुकान पर रोजाना बैठकर मुख्यमंत्री बन जाते हैं और शाम को कुर्सी से उतर जाते हैं। फिर भी कुर्सी को लेकर भाजपा में चल रही खींचतान को लेकर कोई सवाल नहीं पूछता। मुख्यमंत्री पद की खींचतान को लेकर रणदीप सुरजेवाला भारतीय जनता पार्टी पर खूब बरसे। उन्होंने प्रदेशाध्यक्ष से लेकर कई मंत्रियों के नाम गिनवाते हुए दावा किया कि यह सभी रोज रात को मुख्यमंत्री बनने के सपने संजोए रहते हैं। सवाल कांग्रेस की गुटबाजी का था, लेकिन इस सवाल पर उन्होंने भाजपा पर खूब कटाक्ष किए। दरअसल, प्रदेश में हुड्डा, शैलजा, किरण के साथ-साथ सुरजेवाला भी मुख्यमंत्री के दावेदारों में से एक हैं और तमाम बैठकों और कांग्रेस के कार्यक्रमों में उनके समर्थकों को भावी मुख्यमंत्री सुरजेवाला के नारे भी लगाते भी देखा जाता है।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)