3 मिनट में 5 लाख पार: गुड़ बाजार में नकाबपोश बदमाशों ने तोड़ी दुकान की तिजोरी, वारदात CCTV में कैद
punjabkesari.in Monday, Mar 16, 2026 - 02:39 PM (IST)
रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : रेवाड़ी शहर के गुड़ बाजार क्षेत्र में रविवार देर रात नकाबपोश बदमाशों ने एक व्यापारी की दुकान को निशाना बनाते हुए महज तीन मिनट में करीब पांच लाख रुपये चोरी कर फरार हो गए। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शहर निवासी ऋषभ जैन की गुड़ बाजार में नोटों की माला बनाने की दुकान है। रविवार रात को बाइक पर सवार होकर आए तीन नकाबपोश बदमाश दुकान के बाहर पहुंचे और शटर तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद बदमाशों ने दुकान में रखी तिजोरी को निशाना बनाया और उसमें रखे करीब पांच लाख रुपये चोरी कर लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश तुरंत बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। सोमवार सुबह जब आसपास के दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो उन्होंने ऋषभ जैन की दुकान का शटर टूटा हुआ देखा। इस पर उन्होंने तुरंत दुकान मालिक को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर ऋषभ जैन मौके पर पहुंचे और चोरी की घटना का पता चलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि तीन नकाबपोश बदमाश बाइक पर आते हैं, शटर तोड़कर दुकान में घुसते हैं और महज तीन मिनट के भीतर तिजोरी से रुपये निकालकर फरार हो जाते हैं। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है। इस घटना के बाद गुड़ बाजार के व्यापारियों में भी दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने रात के समय बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)