MCG की कार्रवाई, दौलताबाद में 2 RMC प्लांट ध्वस्त, दो दिन में 10 पर हुई कार्रवाई
punjabkesari.in Wednesday, Oct 28, 2026 - 10:18 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) ने प्रदूषण नियंत्रण को लेकर रेडी मिक्स कंक्रीट (आरएमसी) प्लांटों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में बुधवार को निगम की टीम ने दौलताबाद क्षेत्र में दो आरएमसी प्लांटों को ध्वस्त कर दिया। निगम के अनुसार, पिछले दो दिनों में कुल 10 प्लांटों पर कार्रवाई की जा चुकी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
यह कार्रवाई सहायक अभियंता हरिप्रकाश की टीम ने की। निगम की टीम लगातार उन क्षेत्रों में निगरानी कर रही है, जहां निर्माण गतिविधियों के कारण धूल और वायु प्रदूषण बढऩे की आशंका रहती है। आरएमसी प्लांटों से होने वाले संभावित प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए निगम द्वारा प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है।
शहर में तेजी से चल रहे निर्माण कार्यों के बीच वायु गुणवत्ता बनाए रखना एक बड़ी चुनौती है। निर्माण सामग्री से उडऩे वाली धूल और अन्य प्रदूषणकारी गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी निगरानी जरूरी है। निगम की कार्रवाई को इसी दिशा में उठाए जा रहे कदम के रूप में देखा जा रहा है। निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि आरएमसी प्लांटों के खिलाफ कार्रवाई और प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित निगरानी अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने निगम की ओर से पर्यावरण संरक्षण और शहर में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के प्रयासों को जारी रखने की बात कही। दो दिनों में 10 आरएमसी प्लांटों पर कार्रवाई के बाद निगम की निगरानी व्यवस्था और आगामी प्रवर्तन अभियान पर नजर रहेगी।