बंधवाड़ी प्लांट में नहीं है आग बुझाने के पुख्ता इंतजाम, MCG ने एजेंसी पर लगाया जुर्माना
punjabkesari.in Friday, Jun 26, 2026 - 08:28 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): बंधवाड़ी कचरा निस्तारण प्लांट में आए दिन हो रही आगजनी की घटनाओं पर नगर निगम ने सख्त एक्शन लेना शुरू कर दिया है। नगर निगम ने कचरा निस्तारण का काम करने वाली एजेंसी पर आग बुझाने के पुख्ता इंतजाम न होने पर 15 लाख रुपए जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई एजेंसी को दिए गए नोटिस का संतोषपूर्ण जवाब न मिलने पर की गई है। नगर निगम अधिकारियों ने यह कार्रवाई करने के साथ ही एजेंसी को साफ कर दिया है कि अगर एनजीटी की तरफ से इस तरह की घटनाओं पर संज्ञान लेकर कोई कार्रवाई की जाती है तो उसका खामियाजा भी एजेंसी को ही भुगतना होगा।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि बंधवाड़ी कचरा निस्तारण प्लांट में कचरे से कई जहरीली गैसे उत्पन्न होती हैं। इन गैसों के कारण आए दिन आग लगने की घटनाएं होती हैं। हाल ही में अप्रैल माह में इस प्लांट में आग लगी थी जिसे बुझाने में दमकल विभाग के पसीने छूट गए थे। इसके बाद भी एजेंसी ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया और आग पर काबू पाने के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए। अधिकारियों ने बताया कि जब एजेंसी को कांट्रेक्ट दिया गया था तो इस दौरान आग से निपटने और कचरे में जहरीली गैस बनने के हॉट स्पॉट चिन्हित कर यहां बचाव के पुख्ता इंतजाम चिन्हित करने के लिए कहा गया था, लेकिन एजेंसी की तरफ से कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। वहीं, अप्रैल माह में आग लगने के बाद एजेंसी को नोटिस भी जारी किया गया था जिसका कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इस पर नगर निगम ने एजेंसी पर 15 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है।
अधिकारियों के मुताबिक, अप्रैल माह में लगी आग के लिए 5 लाख का जुर्माना लगाया गया है। इसके बाद भी बचाव के ठोस इंतजाम करने में लापरवाही बरतने और वीरवार को एक बार फिर आग लगने की घटना को देखते हुए जुर्माना राशि को दोगुना कर 10 लाख रुपए किया गया है। यह दोनों ही जुर्माने की कुल 15 लाख रुपए की राशि को एजेंसी के बिल से काट लिया जाएगा। वहीं, एजेंसी को साफ चेतावनी दी गई है कि अगली बार इस तरह की घटना होने पर एजेंसी का कांट्रेक्ट रद्द करने के साथ ही उसे ब्लैकलिस्ट करने की सिफारिश भी की जा सकती है।