घर के पास मिलेंगी नगर निगम की ये सुविधाएं, 10 वार्डों में हुई शुरूआत

punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2026 - 06:32 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): नागरिकों को उनके घरों के निकट ही विभिन्न सरकारी एवं नगर निगम सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) ने शहर के 10 वार्डों में नागरिक सुविधा केंद्र (सीएफसी) एवं कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) शुरू किए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न सेवाओं के लिए निगम कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

नगर निगम गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा ने शनिवार को भीमनगर स्थित मेयर कैंप कार्यालय से इन नागरिक सुविधा केंद्रों एवं कॉमन सर्विस सेंटरों का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया, अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी, निगम पार्षदगण तथा वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 

10 वार्डों में शुरू हुई सुविधा

नगर निगम द्वारा भीमनगर स्थित मेयर कैंप कार्यालय सहित वार्ड नंबर 2, 3, 10, 13, 18, 22, 23, 25, 29 एवं 30 में नागरिक सुविधा केंद्र एवं कॉमन सर्विस सेंटर स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर नागरिकों को विभिन्न शहरी स्थानीय निकाय सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इन केंद्रों के माध्यम से प्रॉपर्टी टैक्स भुगतान, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, हरियाणा परिवार पहचान पत्र (पीपीपी), आधार संबंधी सेवाएं तथा अन्य नगर निगम एवं सरकारी सेवाएं प्राप्त की जा सकेंगी। इससे नागरिकों का समय और संसाधन दोनों बचेंगे तथा सेवाओं की पहुंच और पारदर्शिता में वृद्धि होगी।

 

नागरिकों के लिए सेवाओं को और अधिक सुलभ बनाने की पहल- मेयर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेयर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर, सरल और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि वार्ड स्तर पर नागरिक सुविधा केंद्रों की स्थापना से लोगों को अपने क्षेत्र में ही आवश्यक सेवाएं प्राप्त होंगी और उन्हें विभिन्न कार्यों के लिए दूर स्थित कार्यालयों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम नागरिक सुविधाओं के विस्तार और डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। यह पहल नागरिक-केंद्रित प्रशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

 

डिजिटल और पारदर्शी सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा- निगमायुक्त

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि नगर निगम गुरुग्राम का लक्ष्य प्रशासनिक सेवाओं को नागरिकों के और अधिक निकट लाना है। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों के माध्यम से विभिन्न सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध होगा, जिससे नागरिकों को सुविधा के साथ-साथ पारदर्शी एवं त्वरित सेवाएं भी मिलेंगी। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक के उपयोग से सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आएगा और नागरिकों की शिकायतों एवं आवश्यकताओं का समाधान अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।

 

जनसेवा को नई दिशा देंगे सुविधा केंद्र - अतिरिक्त निगमायुक्त

अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी ने कहा कि नागरिक सुविधा केंद्र एवं कॉमन सर्विस सेंटर जनसेवा को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों पर प्रशिक्षित कर्मियों की तैनाती की गई है ताकि नागरिकों को बेहतर मार्गदर्शन और समयबद्ध सेवाएं प्राप्त हो सकें। उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि प्रत्येक नागरिक को सहज, सरल और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध हों तथा डिजिटल गवर्नेंस को जमीनी स्तर तक पहुंचाया जा सके।

 

वार्ड स्तर पर मजबूत होगी सेवा वितरण व्यवस्था

नगर निगम गुरुग्राम की इस पहल से वार्ड स्तर पर सेवा वितरण प्रणाली को मजबूती मिलेगी और नागरिकों को सरकारी सेवाओं का लाभ अधिक आसानी से प्राप्त होगा। यह कदम सुशासन, डिजिटल प्रशासन और नागरिक सुविधा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static