गुड़गांव में बिका देश का सबसे महंगा 271 करोड़ का पेंटहाउस, डीएलएफ की द डहलियास में हैं ये सुविधाएं
punjabkesari.in Monday, Aug 10, 2026 - 09:39 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): देश का सबसे महंगे पेंटहाउस की डील गुड़गांव में हुई है। डीएलएफ के फेज-5 की सोसाइटी द डहलियास में ऑटो सेक्टर की प्रमुख कंपनी इंपीरियल ऑटो के मालिक मानव सरदाना ने की है। उन्होंने 271 करोड़ रुपए में यहां पेंटहाउस खरीदा है जो देश की सबसे महंगी डील में से एक है। जिस सोसाइटी में मानव सरदाना ने यह पेंटहाउस खरीदा है वह अभी निर्माणाधीन है। डीएलएफ के द डहलियास प्रोजेक्ट में 420 सुपर-लग्जरी अपार्टमेंट और पेंटहाउस बनाए जा रहे हैं। इस प्रोजेक्ट में इंफिनिटी पूल, आधुनिक जम, स्पा, वेलनेस सेंटर, निजी सिनेमा, बच्चों का प्ले जोन, पेटपार्क सहित अन्य सुविधाएं हैं।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
मानव सरदाना द्वारा खरीदे गए पेंट हाउस का सुपर एरिया 17200 वर्ग फुट है। सुपर एरिया के हिसाब से इस पेंट हाउस की कीमत 1.58 लाख प्रति वर्गफुट बैठती है। वहीं, कारपेट एरिया 10500 वर्गफुट के अनुसार इसकी कीमत 2.6 लाख प्रति वर्गफुट है। गोल्फ कोर्स रोड पर डीएलएफ के कई अन्य प्रोजेक्ट भी हैं। अब तक इनमें डीएलएफ का कैमेलियास प्रोजेक्ट सबसे महंगा प्रोजेक्ट था जिसमें फ्लैट की शुरूआती कीमत 100 करोड़ रुपए है। इसमें 170 करोड़ रुपए तक के फ्लैट थे जबकि पेंटहाउस की कीमत इससे कई अधिक थी, लेकिन अब डीएलएफ के सबसे महंगे प्रोजेक्ट में द डहलियास का नाम सबसे उपर आ गया है।
जानकारी के अनुसार इस प्रोजेक्ट में अब तक 65 प्रतिशत यूनिट बिक चुकी हैं और इसमें डीएलएफ को 40 हजार करोड़ से अधिक का रेवेन्यू मिलने की उम्मीद है। करीब 17 एकड़ के इस प्रोजेक्ट में 9 हाईराइज टावर हैं जिनमें करीब 420 बड़े घर और पेंटहाउस हैं। इस प्राेजेक्ट में 24X7 बिजली, पानी की सुविधा के साथ ही पावर बैकअप की सुविधा बताई गई है। वहीं, निवासियों के लिए कंसीयर्ज सेवाएं, शेफ ऑन कॉल, गोल्फ कार्ट शटल व ऑन साइट मेडिकल सुविधाएं भी दी गई है। वहीं, डीएलएफ का कहना है कि टियर-2 शहराें के 19 सबसे अमीर परिवार यहां अपार्टमेंट खरीदने में दिलचस्पी रखते हैं।