जब बारिश के बीच क्षेत्र का निरीक्षण करने निकले MCM कमिश्नर, अधिकारियों को दिए ये निर्देश

punjabkesari.in Tuesday, Jul 21, 2026 - 04:27 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): नगर निगम मानेसर के आयुक्त प्रदीप सिंह ने मंगलवार को लगातार हो रही भारी बारिश के बीच निगम क्षेत्र के संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों का दौरा कर जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीन यादव भी उनके साथ मौजूद रहे। अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि बारिश के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

आयुक्त प्रदीप सिंह ने राष्ट्रीय राजमार्ग 48 स्थित रामपुरा चौक, गांव नौरंगपुर, गांव बढ़ा, जय सिंह चौक, दादी सती चौक, आरवी हाॅस्पिटल के पास स्थित नाले, सेक्टर 86 और सिल्वर स्ट्रीक हाॅस्पिटल के पास स्थित नाले का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रत्येक स्थान पर जल निकासी व्यवस्था, नालों की सफाई और पानी के बहाव की स्थिति का आकलन करते हुए अधिकारियों से मौके पर ही आवश्यक जानकारी ली।
 

आयुक्त ने इंजीनियरिंग विंग के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि मानसून के दौरान किसी भी स्थिति में जलभराव की समस्या नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी नालों और नालियों की नियमित रूप से प्रतिदिन सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि बारिश का पानी बिना किसी रूकावट के निकल सके। जलभराव की समस्या को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों की लगातार निगरानी करें और जहां भी पानी जमा होने की संभावना हो, वहां पहले से आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित करें। आयुक्त ने निर्देश दिए कि ऐसे स्थानों की पहचान की जाए, जहां हर वर्ष अधिक जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है। 

 

इन संवेदनशील स्थानों पर 24 घंटे अस्थायी पंप सेट और अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध रखे जाएं। उन्होंने गांव की आंतरिक जल निकासी व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। आयुक्त ने कहा कि छोटी नालियों, सीवर लाइनों और ड्रेनेज सिस्टम की नियमित निगरानी की जाए। जहां कहीं भी अवरोध या रूकावट मिले, उसे तुरंत दूर किया जाए। सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीन यादव ने भी अधिकारियों से कहा कि बारिश के मौसम में लोगों को राहत पहुंचाना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि फिल्ड में कार्यरत टीमें पूरी सतर्कता के साथ काम करें और आमजन से मिलने वाली शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। इस दौरान उनके साथ निगम के एक्सईएन मंदीप धनखड़, एसडीओ संजोग शर्मा, अनिल मलिक, जेई पवन, अजय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static