बारिश में धंस गया NH-48 दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे, ट्रैफिक रूट डायवर्ट
punjabkesari.in Tuesday, Jul 07, 2026 - 08:04 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): मंगलवार को शहर में हुई बारिश ने जहां पूरे शहर में जगह-जगह जलभराव होने के साथ ही सड़क धंसने और गाड़ियां फंसने के मामले सामने आए, वहीं, दोपहर बाद दिल्ली जयपुर एक्सप्रेसवे NH-48 भी इससे अछूता नहीं रहा। दोपहर बाद नरसिंहपुर के पास एक्सप्रेसवे का बड़ा हिस्सा धंस गया जिसके कारण एक्सप्रेसवे पर जाम लग गया। सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और वाहनों का रूट डायवर्ट कर यहां बेरिकेड लगा दिए।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
वहीं, इसकी सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ-साथ भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों के भी हाथ पांव फूल गए और वह मौके पर पहुंचे। जिस स्थान पर यह सड़क धंसी है वहां हर साल जलभराव होता था और हाल ही में एनएचएआई और जीएमडीए द्वारा जलभराव से निजात दिलाने के लिए यहां ड्रेन बनाने और सीवर लाइन डालने का कार्य किया जा रहा था। वहीं, मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने इस बारे में कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया है।
वहीं, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस हरकत में आई है और यहां सुरक्षा के मद्देनजर दिल्ली से जयपुर जाने वाले रूट को हीरो होंडा चौक से बंद कर दिया है। पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करते हुए वाहनों को एसपीआर के रास्ते मानेसर और जयपुर भेजना शुरू कर दिया है। वहीं, पुलिस ने दिल्ली से गुड़गांव के रास्ते मानेसर और जयपुर जाने वाले वाहन चालकों को द्वारका एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल कर अपने गंतव्य की ओर जाने की सलाह दी है। वहीं, गुड़गांव से मानेसर और जयपुर जाने वाले वाहनों को राजीव चौक व हीरो होंडा चौक से एसपीआर रोड होते हुए रामपुरा से मानेसर और जयपुर जाने की सलाह दी है। ट्रैफिक पुलिस प्रवक्ता एएसआई विकास वर्मा की मानें तो यह रूट डायवर्जन अगले आदेशों तक जारी रहेगा ताकि एक्सप्रेसवे की मरम्मत का कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जा सके।