सरकारी अस्पताल में बड़ा फर्जीवाड़ा: 2 साल से बिना रिकॉर्ड बांटी जा रहीं थीं दवाइयां, DC व मंत्री के निरीक्षण में खुलासा
punjabkesari.in Thursday, Sep 03, 2026 - 10:21 AM (IST)
पानीपत(सचिन): हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा और पानीपत के उपायुक्त (DC) हरीश कुमार वशिष्ठ ने सिवाह स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं में बड़ी लापरवाही सामने आई। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि केंद्र में तैनात फार्मासिस्ट पिछले 2 साल से दवाइयों का स्टॉक और वितरण रिकॉर्ड ही मेंटेन नहीं कर रहा था।
निरीक्षण के दौरान फार्मासिस्ट की इस गंभीर कोताही को देखते हुए शिक्षा मंत्री ने मौके पर ही अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। PHC में तैनात फार्मासिस्ट 'पवन' पिछले करीब दो वर्षों से दवाइयों का कोई लेखा-जोखा नहीं रख रहा था।मंत्री महिपाल ढांडा ने नाराजगी जताते हुए दोषी फार्मासिस्ट के खिलाफ तुरंत कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के आदेश दिए।
शिक्षा मंत्री और डीसी के अचानक पहुंचने से स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। मंत्री ने केंद्र में मौजूद मरीजों से उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और पूरे परिसर का मुआयना किया। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने चेतावनी दी कि राज्य के किसी भी सरकारी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र में जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ या काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को अपनी ड्यूटी ईमानदारी से निभानी होगी, अन्यथा सख्त कार्रवाई झेलनी पड़ेगी।