हरियाणा में दौड़ेगी मेट्रो और नमो भारत: 33,000 करोड़ का मेगा प्लान तैयार, सफर होगा सुपरफास्ट
punjabkesari.in Tuesday, Jun 23, 2026 - 11:19 AM (IST)
चंडीगढ़: हरियाणा में मेट्रो से जुड़ी परियोजनाओं का विस्तार होगा। हरियाणा में एकीकृत मेट्रो और नमो भारत परिवहन नेटवर्क विकसित करने के लिए काम जारी है। बहादुरगढ़ आसौदा मेट्रो कॉरिडोर के लिए अंतिम यात्री मांग आकलन (राइडरशिप असेसमेंट) पूरा हो चुका है। अब मेट्रो के विस्तार की राह खुलेगी।
हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एचएमआरटीसी) की चंडीगढ़ में हुई समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने योजनाओं की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि सेक्टर-56 गुरुग्राम से पंचगांव तक प्रस्तावित करीब 35.25 किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड कॉरिडोर में 28 स्टेशन प्रस्तावित हैं। विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर मुख्यमंत्री की स्वीकृति के लिए भेजी जाएगी।
बल्लभगढ़-पलवल मेट्रो के करीब 30.30 किलोमीटर लंबे इस प्रस्तावित कॉरिडोर में 18 एलिवेटेड स्टेशन के निर्माण की योजना प्रस्तावित है। नरेला-कुंडली मेट्रो विस्तार परियोजना के लिए 10 हेक्टेयर भूमि निशुल्क उपलब्ध कराने को सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान कर दी है। इससे लंबे समय से लंबित इस परियोजना को अब गति मिलने की उम्मीद है। दिल्ली-पानीपत-करनाल नमो भारत कॉरिडोर की संशोधित डीपीआर की भी समीक्षा की गई।
136.3 किलोमीटर लंबी इस परियोजना की अनुमानित लागत 33,000 करोड़ रुपये से अधिक है। गुरुग्राम फरीदाबाद-नोएडा-ग्रेटर नोएडा नमो भारत कॉरिडोर की प्रगति की भी समीक्षा की। मुख्य सचिव ने बताया कि एचएमआरटीसी की आय लगभग 47 फीसदी बढ़कर 35 करोड़ रुपये हो गई। एचएमआरटीसी के प्रबंध निदेशक चंद्रशेखर खरे ने कहा कि रैपिड मेट्रो सेवा के प्रति यात्रियों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है।