हरियाणा में दूध हुआ महंगा: हिसार-जींद के बाद अब इस जिले में पशुपालकों ने बढ़ाए रेट, जानिए नई कीमतें
punjabkesari.in Monday, Sep 14, 2026 - 01:59 PM (IST)
गुहला चीका: हरियाणा में दूध और घी के दाम बढ़ाने की मुहिम अब गुहला-चीका तक भी पहुंच गई है। हिसार, जींद, कैथल और कुरुक्षेत्र के बाद चीका में भी डेयरी संचालकों व पशुपालकों ने पंचायत कर बढ़ती महंगाई और पशुपालन की लगातार बढ़ रही लागत को देखते हुए 1 अक्तूबर से भैंस का दूध 100 रुपए तथा गाय का दूध 80 रुपए प्रति लीटर बेचने का निर्णय लिया है।
रविवार को पटियाला रोड स्थित किसान भवन सर छोटूराम जनकल्याण ट्रस्ट चीका में डेयरी संचालकों व पशुपालकों की बैठक चौधरी महा सिंह डेयरी के संचालक हरवंस सीड़ा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पशुओं के चारे, खल, तेल तथा अन्य खाद्य सामग्री के बढ़ते दामों पर विस्तार से चर्चा की गई।
विचार-विमर्श के बाद सभी ने सर्वसम्मति से 1 अक्तूबर से दूध और घी के नए रेट लागू करने का निर्णय लिया।
हरवंस सीड़ा ने कहा कि पिछले कुछ समय से पशुओं के चारे और अन्य सामान के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। इससे पशुपालकों और डेयरी संचालकों की लागत काफी बढ़ गई है तथा उनके सामने आर्थिक संकट की स्थिति पैदा हो रही है।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 1 अक्तूबर से भैंस का दूध 100 रुपए और गाय का दूध 80 रुपए प्रति लीटर की दर से बेचा जाएगा। वहीं भैंस का घी 1500 रुपए तथा गाय का 2200 रुपए प्रति लीटर निर्धारित किया गया है। बैठक में दूध और घी की गुणवत्ता बनाए रखने को लेकर भी नियम तय किए गए। पशुपालकों ने स्पष्ट किया कि दूध या घी में किसी प्रकार की मिलावट अथवा निर्धारित गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति पर 5100 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा।