भारत जोड़ो यात्रा का नहीं कोई फायदा, कांग्रेस को पहले ही नकार चुकी जनता: राव इंद्रजीत
punjabkesari.in Thursday, Sep 22, 2022 - 03:57 PM (IST)

चरखी दादरी(नरेंद्र): दक्षिण हरियाणा की राजनीति में अपना वर्चस्व बरकरार रखने वाले केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह गुरुवार को अहीरवाल से बाहर निकल कर चरखी दादरी के गांव समसपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन करने पहुंचे। कभी कांग्रेस के साथी रहे राव इंद्रजीत ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा पर भी बड़ी बात कही। इस दौरान उनके साथ भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह, राज्यमंत्री ओमप्रकाश यादव और विधायक बिमला भी मौजूद रहे। मंत्री इंद्रजीत को सुनने के लिए भारी संख्या में कार्यकर्ता भी चरखी दादरी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की जन समस्याएं भी सुनी और संबंधित अधिकारियों को जल्द समाधान करने के दिशा निर्देश दिए।
बता दें कि दक्षिण हरियाणा की सियासत इस क्षेत्र का काफी महत्व है। इस एरिया में एक दर्जन से अधिक हलकों में इंद्रजीत सिंह अच्छा प्रभाव रखते हैं। राव इंद्रजीत ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विरोधी पार्टियों पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस से लेकर तीसरे मोर्चे के गठन की बात करने वाली विपक्षी पार्टियों पर मंत्री ने खुलकर कटाक्ष किया। इस दौरान उन्होंने समसपुर गांव में जलघर का निरीक्षण किया और जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को पानी की समस्या का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
शहीद राव तुलाराम के वंशज राव इंद्रजीत सिंह लंबे समय तक कांग्रेस में सक्रिय रहे। बीजेपी में आने के बाद भी उनकी सियासी ताकत कई गुना बढ़ गई। समसपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन में संबोधित करने के दौरान उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए भारत जोड़ो यात्रा को समय की बर्बादी बताया। मंत्री इंद्रजीत ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के जरिए कांग्रेस अवसर तलाशने की कोशिश कर रही है। वहीं जनता कांग्रेस को पहले ही नकार चुकी है। इसलिए कांग्रेस का सियासी भविष्य अब अंत के नजदीक है। इनेलो की रैली में तीसरे मोर्चे के गठन की संभावना को लेकर राव इंद्रजीत ने कहा कि क्षेत्रीय पार्टियों से कुछ नहीं होने वाला है। पीएम मोदी को टक्कर देने के लिए विपक्ष के पास कोई चेहरा नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के शासनकाल में देश और प्रदेश में चहुंमुखी विकास हुआ है।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)