हरियाणा में शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 664 निजी स्कूलों का MIS पोर्टल बंद...दाखिलों पर रोक

punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2026 - 09:51 AM (IST)

चंडीगढ़: हरियाणा में मान्यता संबंधी दस्तावेज अधूरे मिलने पर शिक्षा विभाग ने 664 निजी स्कूलों के लिए मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (एमआईएस) पोर्टल पर नए दाखिलों का विकल्प बंद कर दिया है। विभाग का कहना है कि यदि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार स्थिति में सुधार नहीं हुआ और दाखिले नहीं हो सके, तो इन स्कूलों को बंद कराने की कार्रवाई भी की जाएगी।

शिक्षा विभाग को जिला स्तर से प्राप्त संयुक्त रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। विभाग ने करीब पांच दिन पहले ही इन स्कूलों के लिए एमआईएस पोर्टल पर प्रवेश का विकल्प बंद कर दिया था। अब अगला कदम स्कूलों के संचालन पर निर्णय लेना होगा।

अप्रैल में शिक्षा निदेशालय ने मान्यता संबंधी अनियमितताओं की आशंका वाले करीब 1,100 निजी स्कूलों की पहचान की थी। इसके बाद स्कूलों को आवश्यक दस्तावेज जमा कराने का अवसर दिया गया और सत्यापन के लिए विभागीय अधिकारियों को ड्यूटी लगाई गई। पहले चरण में 436 स्कूलों ने सभी आवश्यक दस्तावेज जमा कर दिए, जबकि 664 स्कूल निर्धारित दस्तावेज पूरे नहीं कर सके। 

6 तक आरटीई के तहत आवेदन
शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत निजी स्कूलों में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया 6 जुलाई तक जारी रहेगी। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 60,479 सीटों के मुकाबले 31,009 आवेदन प्राप्त हुए हैं। लॉटरी से 21,752 बच्चों को सीटें आवंटित की गई हैं, जिससे लगभग 70.1% सफलता दर दर्ज हुई। इनमें नर्सरी को 10,880, एलकेजी को 1,280 से अधिक, यूकेजी की 1,900 से अधिक तथा पहली कक्षा की 7,680 सीटें शामिल हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static