घर में घुसे बदमाशों ने युवक की कनपटी पर पिस्टल रखकर मांगे 30 लाख रुपए

punjabkesari.in Monday, May 09, 2022 - 07:27 PM (IST)

रेवाड़ी(महेंद्र): रेवाड़ी में गैंगस्टर महेश सैनी अपने गुर्गो के साथ एक युवक के घर में घुस गया और कनपटी पर पिस्टल लगाकर 30 लाख रुपए की डिमांड की। इतना ही नहीं बदमाशों ने घर में मौजूद बुजुर्ग महिला और उसके बेटे को लात-घूंसों से जमकर पीटा। पुलिस ने गैंगस्टर महेश को काबू कर लिया है। वहीं उसके साथियों की तलाश की जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, शहर की सत्ती कॉलोनी में रहने वाला महेश सैनी अपने गुर्गे दिनेश उर्फ सूंडा के साथ कुतुबपुर स्थित सोनू नाम के शख्स के घर पहुंचा। सोनू के भाई योगेश सैनी ने बताया कि दरवाजा खटखटाने की आवाज सुनकर उसकी मां बाहर पहुंची तो महेश सैनी ने सोनू को बुलाने की बात की। मां ने सोनू के घर में नहीं होने की बात की तो बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और फिर घर में घुस गए। बदमाशों ने घर में दाखिल होते ही योगेश की कनपटी पर पिस्तौल लगा दी और धमकी दी कि अगर सोनू को जिंदा रखना है, तो 10 बजे तक 30 लाख रुपए भिजवा देना। महेश सैनी व उसके साथियों के घर में घुसने का आभास होते ही सोनू छत पर छिप गया और वहीं से पुलिस कंट्रोल रूम पर इसकी सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर दिनेश मौके से भाग गया जबकि महेश सैनी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

रामपुरा थाना पुलिस ने महेश सैनी और उसके साथियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया हैं। बता दें कि महेश सैनी खुद की गैंग चलाता है। महेश के खिलाफ रंगदारी, हत्या का प्रयास करने जैसे संगीन आरोपों में कई मामले दर्ज है। यही नहीं फरार हुए गुर्गे दिनेश पर भी कई आपराधिक मामले दर्ज है। रामपुरा थाना प्रभारी रण सिंह ने बताया कि महेश सैनी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथी बदमाशों की भी तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vivek Rai

Recommended News

Related News

static