सही राजनेता वही जो चुनाव जीतते ही अगले चुनाव की तैयारी शुरू दे : विनोद भयाना

punjabkesari.in Wednesday, Dec 14, 2022 - 09:34 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): हिमाचल प्रदेश में सरकार बदलने की रिवायत और दिल्ली एमसीडी चुनावों में फिर से अपनी जीत को रिपीट ना कर पाने वाली भारतीय जनता पार्टी इसे आने वाली खतरे की घंटी मानकर पूरी तरह से अलर्ट नजर आने लगी है। बता दें कि हरियाणा में होने वाले 2024 लोकसभा और विधानसभा चुनावों के चलते भाजपा अभी से तैयारियों में नजर आ रही है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में हुई विधायक दल की बैठक मुख्य रूप से विधानसभा के आगामी शीतकालीन सत्र को लेकर थी, लेकिन इसमें विधानसभा-लोकसभा चुनाव महत्वपूर्ण चर्चा का विषय रहे। इस पर बताते हुए हांसी से भाजपा विधायक विनोद भयाना ने बताया कि वैसे यह विधायक दल की बैठक एक रूटीन बैठक थी, जिसमें समय-समय पर मुख्यमंत्री सभी विधायकों से विचारों का आदान प्रदान करते रहते हैं। इसमें सभी विधायकों के क्षेत्रों में उनकी समस्याओं और विकास कार्यों के बारे में चर्चा होती है। सभी विधायक अपनी अपनी बात रखते हैं। लेकिन आगामी विधानसभा शीतकालीन सत्र की कार्यवाही को लेकर भी चर्चा हुई। 26 तारीख को सेशन शुरू होगा। इसमें क्या-क्या मुद्दे रहेंगे और विपक्ष की क्या भूमिका रहेगी, इसमें सरकार ने अपनी भूमिका कैसे दर्ज करवानी है, इन महत्वपूर्ण विषयों को लेकर चर्चा हुई है।

 

विनोद भयाना ने बताया कि राजनीतिक दल की कोई बैठक हो और चुनावों पर चर्चा ना हो, ऐसा नहीं होता। इस बैठक में भी भविष्य की तैयारियों को लेकर चर्चा अवश्य हुई है। लोकसभा और विधानसभा चुनाव बेहद नजदीक है। उसकी रणनीति को लेकर भी कुछ बातचीत हुई। भयाना ने कहा कि सही राजनेता चुनाव जीतते ही अगले चुनाव की तैयारी शुरू कर देता है। इन सब बातों को लेकर अपने-अपने विचार रखे गए हैं। भयाना ने कहा कि एक विधायक का काम विधायी कार्यों को देखने के साथ-साथ अपने क्षेत्र की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का भी होता है।हम अपने क्षेत्र की समस्याएं समय-समय पर मुख्यमंत्री के सामने रखते रहे हैं। जिसका तुरंत प्रभाव से संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने निदान भी किया है। जितनी भी ग्रांट की आवश्यकता रही मुख्यमंत्री ने दिल खोलकर देने का काम किया। ना केवल एक विधानसभा बल्कि "सबका साथ- सबका विकास" के अपने नारे के अंतर्गत हरियाणा में हर जगह समान रूप से विकास करवाए जा रहे हैं। निश्चित रूप से यह विकास कार्य एक विधायक के माध्यम से ही होते हैं। विधायक समस्याएं बताते हैं, उसी अनुरूप उन कार्यों का एस्टीमेट बनवाकर उसके ग्रांट जारी कर दी जाती है। मुख्यमंत्री बेहद सुलझे हुए राजनीतिज्ञ हैं और सभी विधायक उनकी कार्यशैली से बेहद संतुष्ट हैं।

 

 (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)             

 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Gourav Chouhan

Recommended News

Related News

static