परीक्षा देकर लौट रहे छात्र पर हमला

punjabkesari.in Monday, Mar 30, 2026 - 09:06 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-14 एरिया के ओल्ड दिल्ली रोड स्थित केंद्रीय विद्यालय से 12वीं कक्षा की परीक्षा देकर लौट रहे छात्र पर युवकों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल छात्र को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने नामजद युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

 

पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-15 पटेल नगर निवासी पीयूष (19) ने बताया कि वह 28 मार्च को केंद्रीय विद्यालय सेक्टर-14 में 12वीं कक्षा की परीक्षा देने गया था। दोपहर करीब 1.45 बजे वह परीक्षा देकर स्कूल से बाहर निकला तो साहिल व रिकी ने उसका रास्ता रोककर ईंट व लोहे की रॉड से सिर पर हमला किया। इसके बाद एक स्कार्पियो व एक कार में सवार होकर आए करीब 10 युवकों ने मारपीट करनी शुरू कर दी। जिनसे बचने के लिए वह एक कैंटीन में छिप गया। उसके बाद कई युवकों ने उस पर लोहे की रॉड से हमला किया। पीयूष ने अपने परिवार वालों को कॉल करने के लिए मोबाइल निकाला तो राजू ने मोबाइल छीन लिया।

 

पीयूष ने पुलिस को बताया कि रिकी, राजू, साहिल, संजय सहित उनके अन्य साथियों ने योजना बनाकर लोहे की रॉड, डंडों से मारपीट करके अधमरा कर दिया। पीयूष ने आरोप लगाया कि एक युवक के हाथ में कट्टा था और उसने जान से मारने की धमकी दी है। जांच अधिकारी एएसआई कृष्ण कुमार ने बताया कि अभी तक जांच में सामने आया है कि पहले से एक झगड़े की रंजिश में पीयूष के साथ मारपीट की गई है। पीयूष के खिलाफ भी मारपीट मामले में एक प्राथमिकी दर्ज है और वह भोंडसी जेल भी जा चुका है। मामले में छानबीन की जा रही है। पीयूष के मारपीट करने वाले आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static