जींद में मोदी की रैली से डिप्टी स्पीकर कृष्ण मिड्ढा का बढ़ा राजनीतिक कद, संगठन क्षमता की हुई सराहना

punjabkesari.in Friday, Jul 17, 2026 - 05:19 PM (IST)

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी) : हरियाणा की राजनीति में जींद एक बार फिर चर्चा के केंद्र में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऐतिहासिक जींद दौरे और देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित विशाल जनसभा ने न केवल प्रदेश की राजनीति को नई दिशा दी, बल्कि जींद से लगातार तीसरी बार विधायक और हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर कृष्ण मिड्ढा के राजनीतिक कद को भी नई मजबूती प्रदान की।

इस आयोजन की सफलता में कृष्ण मिड्ढा की भूमिका सबसे अधिक चर्चा का विषय रही। कार्यक्रम की तैयारियों से लेकर संगठन, कार्यकर्ताओं के समन्वय, सुरक्षा व्यवस्था, जनसंपर्क और पूरे आयोजन के संचालन तक उन्होंने लगातार दिन-रात मेहनत की। परिणामस्वरूप प्रधानमंत्री की सभा न केवल अनुशासित और व्यवस्थित रही, बल्कि भाजपा संगठन के लिए भी एक मिसाल बन गई।

जाट बहुल क्षेत्र में भाजपा की मजबूत होती पकड़

जींद और आसपास का क्षेत्र लंबे समय तक जाट राजनीति का प्रभाव क्षेत्र माना जाता रहा है। इस बेल्ट ने प्रदेश को अनेक बड़े राजनीतिक नेता दिए हैं। गैर-जाट नेतृत्व की बात करें तो अतीत में मांगे राम गुप्ता जैसे नेताओं ने अपनी अलग पहचान बनाई थी। भाजपा के लिए यह इलाका कभी मजबूत गढ़ नहीं माना जाता था, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में राजनीतिक तस्वीर बदली है। वर्तमान में इस क्षेत्र से जींद से कृष्ण मिड्ढा और नरवाना से कृष्ण बेदी भाजपा विधायक हैं। लगातार तीसरी बार विधानसभा चुनाव जीतकर कृष्ण मिड्ढा ने न केवल अपना जनाधार मजबूत किया, बल्कि डिप्टी स्पीकर जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक पद तक भी पहुंचे हैं।

रणनीति और संगठन कौशल का प्रभाव

प्रधानमंत्री की जनसभा में लाखों लोगों की उपस्थिति, कार्यकर्ताओं का अनुशासन और व्यवस्थाओं की व्यापक सराहना हुई। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस आयोजन ने कृष्ण मिड्ढा की संगठनात्मक क्षमता, नेतृत्व कौशल और प्रशासनिक दक्षता को प्रदेश स्तर पर नई पहचान दिलाई है। बड़े आयोजनों के सफल संचालन की उनकी क्षमता भविष्य की राजनीति में उनके लिए महत्वपूर्ण पूंजी साबित हो सकती है।

मोदी ने ताजा कीं हरियाणा प्रभारी रहने की यादें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में हरियाणा के प्रभारी रहने के दिनों को याद करते हुए भावनात्मक अंदाज में कहा कि जींद आना उनके लिए यादों के झरोखे जैसा है। उन्होंने कहा कि यहां बैठे अनेक चेहरे आज भी उन्हें याद हैं और शायद बहुत से लोग उन्हें उस समय से पहचानते हैं, जब वे स्कूटर पर पूरे हरियाणा का दौरा किया करते थे। उस दौर में वे संगठन के विस्तार के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों में लगातार भ्रमण करते थे। उस समय उनके साथ वर्तमान केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी कई यात्राओं में स्कूटर चलाने की भूमिका निभाते थे।

जींद के घी-घेवर से लेकर बदले तेवर तक

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में जींद की सांस्कृतिक पहचान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जींद की मुर्रा भैंस, दूध, दही, घी और घेवर की पहचान पूरे देश में है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि इतने वर्षों में जींद का घी और घेवर तो नहीं बदला, लेकिन जींद के तेवर जरूर बदल गए हैं। आज यह क्षेत्र विकास, सुशासन और नई सोच के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के कारण हरियाणा तेज गति से विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है।

देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन से इतिहास में दर्ज हुआ जींद

प्रधानमंत्री ने कहा कि जींद आज देश के इतिहास में स्थायी रूप से दर्ज हो गया है, क्योंकि यहीं से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि जैसे भारत में पहली रेल मुंबई और ठाणे के बीच चलने का इतिहास हमेशा याद रखा जाता है, उसी प्रकार अब जब भी देश में हाइड्रोजन ट्रेन का जिक्र होगा, तब जींद और सोनीपत का नाम भी गर्व के साथ लिया जाएगा। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए प्रदेशवासियों को बधाई दी और इसे भारत के हरित एवं आधुनिक परिवहन की दिशा में बड़ा कदम बताया।

आस्था, विरासत और इतिहास का भी किया उल्लेख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण के अंतिम हिस्से में जींद की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए महाराजा रणजीत सिंह के गौरव, पांडवों से जुड़े पवित्र स्थल पांडू पिंडारा तथा क्षेत्र की धार्मिक आस्था का स्मरण किया।उन्होंने कहा कि उनकी सरकार केवल विकास परियोजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की सांस्कृतिक विरासत और आस्था के केंद्रों को भी संरक्षित कर रही है ताकि आने वाली पीढ़ियां अपने इतिहास और परंपराओं से जुड़ी रहें। इसी सोच के तहत सिख संग्रहालय जैसे प्रकल्प विकसित किए जा रहे हैं, जहां सभी गुरुओं के संदेश और विरासत को सुरक्षित रखते हुए नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाएगा।

राजनीतिक संदेश भी छोड़ गया जींद का आयोजन

प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा ने जहां हरियाणा को विकास की नई सौगात दी, वहीं राजनीतिक दृष्टि से भी कई संकेत छोड़े। सबसे बड़ा संदेश यह रहा कि सफल आयोजन के माध्यम से डिप्टी स्पीकर कृष्ण मिड्ढा ने स्वयं को भाजपा के भरोसेमंद और प्रभावी जननेता के रूप में स्थापित किया है। लगातार तीसरी जीत, संगठन पर मजबूत पकड़ और प्रधानमंत्री की ऐतिहासिक सभा के सफल संचालन ने प्रदेश की राजनीति में उनके बढ़ते राजनीतिक कद को और अधिक मजबूती प्रदान की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static