जींद: 10 लाख से ज्यादा मतदाता चुनेंगे 5 विधायक, मतदाताओं की सुविधा के लिए बनाए गए 1036 पोलिंग बूथ

punjabkesari.in Tuesday, Sep 17, 2024 - 04:43 PM (IST)

जींद: विधानसभा आम चुनाव में जिला के मद्देनजर सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। आगामी 5 अक्तूबर को हरियाणा प्रदेश में मतदान होना तय हुआ है। इसमें जिले के कुल 10 लाख 27,123 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। मतदाताओं की सुविधा के लिए 1036 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। पांचों विधानसभा क्षेत्रों के अनुसार 5 पिंक बूथ विशेष रूप से महिलाओं के लिए बनाए गए हैं। 

प्रत्येक बूथ पर 4-4 महिला कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इन पर महिला अधिकारी और कर्मचारी मतदान करवाएंगी। इन बूथों को आकर्षक बनाने के लिए सजावटी सामग्री के साथ सजाया जाएगा। इन सब चुनावी तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जरूरी निर्देश दिए जा चुके हैं।

5 लाख 47,380 पुरुष तथा 4 लाख 79,727 महिला मतदाता
जिले में पांचों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 10 लाख 27,123 मतदाता हैं, जिनमें 5 लाख 47,380 पुरुष तथा 4 लाख 79,727 महिला मतदाता हैं। विधानसभा क्षेत्र के अनुसार बात की जाए तो जुलाना विधानसभा क्षेत्र में कुल 1 लाख 84,935 मतदाता हैं, जिनमें 99852 पुरुष और 85081 महिला मतदाता हैं। 

सफीदों विधानसभा क्षेत्र में कुल 1 लाख 95,528 मतदाता हैं। जिनमें 1 लाख 4603 पुरुष और 90924 महिला मतदाता हैं। जींद विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 3721 मतदाता हैं, जिनमें से 1 लाख 6903 पुरुष मतदाता तथा 96815 महिला मतदाता हैं। उचाना कलां विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 18507 मतदाता हैं।

 जिनमें एक 17088 पुरुष तथा एक 1419 महिला मतदाता हैं। इसी प्रकार नरवाना विधानसभा क्षेत्र में कुल 2  लाख 24432 मतदाता हैं। जिसमें से 1 लाख 18,943 पुरुष मतदाता और 1 लाख 5488 महिला मतदाता हैं। ये सभी मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे।

11103 हैं 85 वर्ष आयु से अधिक के मतदाता
जिले में कुल 11103 बुजुर्ग मतदाता हैं। जिनकी आयु 85 वर्ष से अधिक है। इनमें सबसे अधिक 3023 उचाना विधानसभा क्षेत्र में हैं। नरवाना  विधानसभा क्षेत्र में 2726, जुलाना में  2051, जींद में 1945, सफीदों में 1358 मतदाता हैं।  जिनकी आयु 85 साल से अधिक है। इन मतदाताओं को घर से ही मतदान करने की सुविधा प्रदान की गई है। जो इनकी इच्छा पर निर्भर है। भारत निर्वाचन आयोग की हिदायतों के अनुसार इन सभी से उनके द्वारा घर से ही मतदान करने के बारे में पूछ लिया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static