जींद में दर्दनाक घटना: शादी के 2 साल बाद 3 महीने की गर्भवती ने की खुदकुशी, 2 दिन पहले ही मायके से आई थी वापस

punjabkesari.in Wednesday, Sep 09, 2026 - 11:42 AM (IST)

जींद: जिले के रधाना गांव में सोमवार को एक 23 वर्षीय गर्भवती महिला द्वारा घर में फंदा लगाकर आत्महत्या करने का दुखद मामला सामने आया है। मृतका की पहचान साक्षी (23) के रूप में हुई है, जो तीन महीने की गर्भवती थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और मंगलवार को नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।

जानकारी के मुताबिक, हिसार निवासी साक्षी की शादी करीब दो साल पहले रधाना गांव के मनजीत के साथ हुई थी। परिजनों व पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, साक्षी पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। वह कुछ दिन अपने मायके हिसार में बिताने के बाद महज दो दिन पहले ही पति मनजीत के साथ वापस अपने ससुराल रधाना आई थी।

सोमवार को पति मनजीत अपने रोजमर्रा के काम के सिलसिले में दुकान पर गया हुआ था। इसी दौरान घर में अकेली साक्षी ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगा लिया। जब आसपास के लोगों और परिजनों को घटना का पता चला, तो तुरंत पुलिस को सूचित किया गया।

पुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंपा
सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया, जहां मंगलवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static