बाढ़ बचाव अभ्यास के दौरान डूबी मोटर बोट बरामद, एक जवान अभी भी लापता...मिलिट्री ट्रेनिंग के दौरान हुआ हादसा

punjabkesari.in Wednesday, Sep 02, 2026 - 07:57 AM (IST)

यमुनानगर(सुरेन्दर मेहता):  हरियाणा-हिमाचल सीमा पर यमुना नदी में एक बड़ा हादसा सामने आया है। बाढ़ बचाव अभियान (फ्लड रेस्क्यू प्रैक्टिस) के दौरान सेना की एक मोटर बोट अनियंत्रित होकर डेंजर जोन की तरफ जाने के बाद डूब गई। इस हादसे में बोट पर सवार चार जवान नदी में फंस गए थे।

हादसे के बाद सूझबूझ दिखाते हुए तीन जवान करीब 600 मीटर तक तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे, जबकि सेना का एक जवान यमुना नदी के तेज बहाव में लापता हो गया है। लापता जवान की तलाश के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही हरियाणा और उत्तर प्रदेश पुलिस के अलावा प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ (NDRF) की टीम को भी तुरंत बुलाया गया। लंबे और कड़े सर्च ऑपरेशन के बाद डूबी हुई मोटर बोट को पानी से बाहर निकाल लिया गया है।प्रताप नगर थाना प्रभारी रोहताश ने बताया कि बोट में तकनीकी खराबी आने के कारण यह हादसा हुआ, जिसमें चार लोग पानी में डूबे थे। शुरुआती दौर में कुछ जवान बाहर आ चुके थे, और बाकी की तलाश के लिए हरियाणा और उत्तर प्रदेश की संयुक्त टीमें लगातार सर्च अभियान चला रही हैं।

घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है, लेकिन देर शाम तक सेना की ओर से इस हादसे को लेकर कोई आधिकारिक बयान या जानकारी साझा नहीं की गई है। प्रशासन और सुरक्षा बल लापता जवान को ढूंढने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static