हथिनीकुंड बैराज के नजदीक बड़ा हादसा, यमुना में अभ्यास कर रहे 3 जवान पानी में बहे, एक लापता...रेस्क्यू जारी
punjabkesari.in Tuesday, Sep 01, 2026 - 08:28 PM (IST)
यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता) : हरियाणा-हिमाचल की सीमा पर मंगलवार शाम को यमुना नदी में बड़ा हादसा हो गया। बाढ़ बचाव की प्रैक्टिस के दौरान सेना की मोटर बोट नदी के बीच में डूब गई। जिससे सेना के तीन जवान गहरे पानी में डूबने लगे।
पानी के तेज बहाव के बीच 2 जवान तो किसी तरह करीब 600 मीटर तैर कर पश्चिमी यमुना नहर के गेट से बाहर आ गए, लेकिन तीसरा जवान लापता हो गया। लापता जवान को ढूंढने के लिए सेना ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया है। हादसे की सूचना पाने के बाद हरियाणा के अलावा यूपी की पुलिस भी मौके पर पहुंची है।

प्रतापनगर थाना प्रभारी रोहताश सिंह ने बताया कि 30 अगस्त से हथिनीकुंड बैराज पर स्पेशल फोर्स की ये ट्रेनिंग चल रही है। मंगलवार को उसका लास्ट दिन था। इसी बीच हादसे की सूचना मिली। जिसके बाद अभी उच्चाधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी दी गई है।
हेलिकॉप्टर से कूदे जवान
बताया जा रहा है कि शाम को करीब 5 बजे यमुना की अप स्ट्रीम में कलेसर से नीचे और हथिनीकुंड से थोड़ा पहले यह अभ्यास चल रहा था। इसी दौरान अभ्यास में शामिल हेलिकॉप्टर से एक-एक करके जवान नदी में खड़ी मोटर बोट में कूदे।

बोट स्टार्ट नहीं हुई, डूबने लगी
जवानों के बोट में कूदने के बाद मोटर बोट शायद किसी टेक्निकल फॉल्ट की वजह से स्टार्ट नहीं हुई। अचानक बोट डूबने लगी। जिसके बाद जवान पानी में कूदे। पानी का बहाव तेज था। एक दिन पहले ही हथिनीकुंड में यमुना का जलस्तर 26 हजार क्यूसेक दर्ज किया गया था।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)