नगर पालिका पार्षद रिश्वत केस में गिरफ्तार, वोट के बदले 50 लाख मांगने का आरोप

punjabkesari.in Monday, Oct 13, 2025 - 05:17 PM (IST)

कैथल (जयपाल रसूलपुर) : कैथल जिले की एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने नगर पालिका चीका के वार्ड-14 पार्षद जितेन्द्र कुमार के खिलाफ रिश्वत मांगने के गंभीर आरोपों में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। पार्षद पर आरोप है कि उसने नगर पालिका अध्यक्ष रेखा रानी और उपाध्यक्ष पूजा शर्मा के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव में वोट न देने की एवज में खुद और अपने 2 साथी पार्षदों के लिए 50 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की थी। यह प्रस्तावित वोटिंग 3 जुलाई को होनी थी। 

शिकायतकर्ता विजय कुमार निवासी चीका ने ACB अंबाला को दी शिकायत में बताया कि वह नगर पालिका उपाध्यक्ष पूजा शर्मा का सहयोगी है। कुछ समय से नगर पालिका में अविश्वास प्रस्ताव लाने की चर्चा चल रही थी। इस दौरान पार्षद जितेन्द्र कुमार ने अपने 2 अन्य पार्षद साथियों के साथ विजय से संपर्क किया और कहा कि वे प्रस्ताव के विरोध में वोट देंगे, लेकिन इसके बदले 50 लाख रुपए की राशि चाहिए। तभी वह पक्ष में वोटिंग करेगा। 

PunjabKesari

6 लाख रूपये नकद देने की मांग

विजय कुमार के अनुसार तीनों पार्षदों ने 6 लाख रुपए अग्रिम नकद देने की मांग की थी और बाकी रकम बाद में लेने की बात कही। विजय ने यह पूरी बातचीत गुप्त रूप से रिकॉर्ड कर ली और सबूतों सहित ACB को सौंप दी। जब पार्षदों को इस बात की भनक लगी कि शिकायतकर्ता कानूनी कार्रवाई करवा सकता है, तो उन्होंने रिश्वत से इनकार करते हुए मामले से पल्ला झाड़ लिया। इसके बाद विजय ने पूजा शर्मा की सहमति से ACB में शिकायत दर्ज करवाई। 

दुकान से किया गिरफ्तार

ACB की जांच के बाद आरोपी पार्षद जितेन्द्र कुमार की आवाज का मधुबन स्थित फॉरेंसिक साइंस लेबोरेट्री (FSL) में वॉइस मैच टेस्ट कराया गया, जिसमें रिकॉर्डिंग की आवाज उससे मेल खा गई। इसके बाद ACB टीम ने चीका बाजार स्थित उसकी दुकान से उसे गिरफ्तार कर लिया। उसको आज आरोपी पार्षद को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा है। ब्यूरो की टीम अब रिश्वत के लेन-देन और संलिप्त अन्य लोगों की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है।

जांच में आरोप सही पाए गए- ACB  इंस्पेक्टर

PunjabKesari

ACB कैथल इंचार्ज इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह ने बताया कि विजय की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए जांच में आरोप सही पाए गए। मधुबन FSL से आवाज मिलान रिपोर्ट आने के बाद पार्षद जितेन्द्र कुमार को गिरफ्तार किया गया है। जांच में अन्य पार्षदों की भूमिका भी सामने आ सकती है। यदि प्रमाण मिले तो उनके खिलाफ भी केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा और रिमांड लिया जाएगा।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yakeen Kumar

Related News

static