हरियाणा को मिलेगी नई पहचान, PPP मॉडल पर विकसित होगा नांगल चौधरी लॉजिस्टिक हब!
punjabkesari.in Tuesday, Jul 28, 2026 - 08:16 AM (IST)
रेवाड़ी: महेंद्रगढ़ के नांगल चौधरी में प्रस्तावित इंटीग्रेटेड मल्टी-मोडल लॉजिस्टिक हब (आईएमएलएच) परियोजना को गति देने की दिशा में सरकार ने तैयारी तेज कर दी है। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में हुई उच्चस्तरीय बैठक में परियोजना की के प्रगति की समीक्षा की गई और आगे की कार्ययोजना पर चर्चा हुई। बैठक में तय किया गया कि उद्योग जगत और विशेषज्ञों से प्राप्त सुझावों के आधार पर परियोजना की अंतिम रूपरेखा तैयार की जाएगी। यह परियोजना हरियाणा मल्टी-मोडल लॉजिस्टिक हब प्रोजेक्ट का लिमिटेड द्वारा सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर
विकसित, संचालित और अनुरक्षित की जाएगी। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य आधुनिक लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक ढांचा विकसित कर निवेश आकर्षित करना तथा बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित करना है।
उन्होंने कहा कि नांगल चौधरी का लॉजिस्टिक हब भविष्य में हरियाणा को लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा और उत्तर भारत में माल परिवहन एवं व्यापार का प्रमुख केंद्र बनेगा। बैठक में सीमेंस, केईसी इंटरनेशनल, दिलीप बिल्डकॉन, डीआरए इन्फ्राकॉन व टाटा समूह समेत कई कंपनियों के प्रतिनिधियों ने परियोजना पर सुझाव दिए।