बहादुरगढ़ स्विमिंग चैंपियनशिप में तैराकों का जलवा, पंजाब केसरी जॉइंट MD अविनाश चोपड़ा ने विजेताओं को किया सम्मानित

punjabkesari.in Sunday, Sep 13, 2026 - 11:03 AM (IST)

बहादुरगढ़ (प्रवीण धनखड़) : बहादुरगढ़ की एचएल सिटी स्थित चैंपियंस एक्वेटिक एकेडमी के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चल रही 22वीं नेशनल मास्टर्स तैराकी चैंपियनशिप इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। प्रतियोगिता में 80 साल और उससे ऊपर के बुजुर्ग भी युवाओं जैसा जोश लेकर मैडल जीत रहे हैं। 

PunjabKesari
 

पंजाब केसरी समूह के जॉइंट मैनेजिंग डायरेक्टर अविनाश चोपड़ा ने इस प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने बच्चों से लेकर 80 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों को तैराकी करते देख गहरी खुशी जताई और इसे एक प्रेरणादायक कदम बताया। अविनाश चोपड़ा ने  इस मौके पर कहा कि जो लोग नियमित रूप से शारीरिक श्रम या खेलकूद से जुड़े रहते हैं, उनका शरीर उनका साथ देता है। उन्होंने वैज्ञानिक तथ्यों का हवाला देते हुए कहा कि इंसान का दिमाग और शरीर उम्र के साथ केवल 10% ही इस्तेमाल हो पाता है, इसलिए जीवन को सक्रिय रखना बेहद जरूरी है। 

PunjabKesari

अविनाश चोपड़ा ने हरियाणा तैराकी एसोसिएशन के महासचिव और हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अनिल खत्री की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि वे पिछले कई वर्षों से तैराकी को प्रोत्साहन देते आ रहे हैं। इस प्रतियोगिता के आयोजन में भी उन्होंने करीब 1600 प्रतिभागियों के लिए रहने और खाने का प्रबन्ध किया है वो काबिलेतारीफ है। उन्होंने इसे देश के लिए एक अनुकरणीय और ऐतिहासिक कार्य बताया। साथ ही, उन्होंने चयन प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए कोचों और अंपायरों की भी सराहना की। 

अविनाश चौपड़ा ने समाज में फैल रही भौतिकतावादी सोच और नशे की लत पर चिंता जताते हुए  कहा कि यदि युवा सुबह उठकर खेलकूद और स्टेडियम का रुख करेंगे, तो उनका ध्यान गलत आदतों और अपराधों से पूरी तरह भटक जाएगा। उन्होंने समाज के उत्थान के लिए खेल को सबसे बड़ी सेवा बताया। उन्होंने निजी क्षेत्र द्वारा खेलों को बढ़ावा देने में आने वाली कठिनाइयों का जिक्र करते हुए  सरकारों (चाहे वह राज्य सरकार हो या केंद्र सरकार) और बड़ी कंपनियों से अपील की है कि वे सीएसआर (CSR) फंड और एमपीलैड (MP LAD) फंड के माध्यम से इस प्रकार के स्पोर्ट्स स्टेडियमों और आयोजनों में बढ़-चढ़कर आर्थिक सहयोग दें। 

अविनाश चोपड़ा ने बहादुरगढ़ में इस सफल आयोजन के लिए आयोजकों और विशेषकर अनिल खत्री को बधाई दी और उम्मीद जताई कि ऐसे प्रयास देश के युवाओं और बुजुर्गों दोनों को स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित करते रहेंगे। प्रतियोगिता के आयोजकों की तरफ से अविनाश चौपड़ा का पगड़ी बांधकर और स्मृति चिन्ह देकर सम्मान भी किया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static