बहादुरगढ़ में 11 से 13 सितंबर तक होगी 22वीं राष्ट्रीय मास्टर्स तैराकी चैंपियनशिप, देशभर के मास्टर्स तैराक लेंगे हिस्सा
punjabkesari.in Wednesday, Sep 09, 2026 - 12:52 PM (IST)
बहादुरगढ़ (प्रवीण कुमार): स्विमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से 22वीं राष्ट्रीय मास्टर्स चैंपियनशिप-2026 का आयोजन 11 से 13 सितंबर 2026 तक बहादुरगढ़ स्थित चैंपियन एक्वेटिक्स अकादमी, एचएल सिटी, सेक्टर-37 में किया जाएगा। प्रतियोगिता में देशभर के मास्टर्स तैराक हिस्सा लेंगे।
फेडरेशन की ओर से जारी सूचना के अनुसार प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए तैराक की न्यूनतम आयु 25 वर्ष होनी चाहिए। आयु का निर्धारण 31 दिसंबर 2026 को तैराक की वास्तविक आयु के आधार पर किया जाएगा। हरियाणा तैराकी संघ के महासचिव अनिल खत्री ने बताया कि हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज, स्वास्थ्य मंत्री आरती राव, खेल मंत्री गौरव गौतम, सांसद धर्मबीर सिंह और पंजाब केसरी के एमडी अविनाश चौपड़ा भी प्रतियोगिता के दौरान तैराकों का हौसला बढ़ाएंगे।
उन्होंने बताया कि बहादुरगढ़ के लिए ये गौरव का वक्त है, यंहा पहली बार नेशनल मास्टर्स स्विमिंग प्रतियोगिता हो रही है। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि व्यक्तिगत स्पर्धाओं के लिए 25-29, 30-34, 35-39, 40-44, 45-49, 50-54, 55-59, 60-64, 65-69, 70-74, 75-79 तथा 80 वर्ष और उससे अधिक आयु वर्ग निर्धारित किए गए हैं। रिले स्पर्धाओं में टीम के सदस्यों की कुल आयु के आधार पर आयु वर्ग निर्धारित होंगे।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रवेश के लिए एसएफआई के यूनिक आईडी कार्ड को अनिवार्य किया गया है, जो मार्च 2027 तक वैध होना चाहिए। एक तैराक अधिकतम चार व्यक्तिगत स्पर्धाओं और दो रिले में भाग ले सकता है। प्रत्येक क्लब/यूनिट से रिले टीम की केवल एक प्रविष्टि स्वीकार की जाएगी। अनिल खत्री ने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल होने वाले तैराकों को 10 सितंबर को शाम 4 बजे से पहले आयोजन स्थल पर रिपोर्ट करना होगा।
प्रतियोगिता के महत्वपूर्ण नियम के तहत जो तैराक 2024, 2025 या 2026 में राष्ट्रीय एक्वाटिक चैंपियनशिप में भाग ले चुके हैं, वे इस मास्टर्स चैंपियनशिप में प्रवेश के पात्र नहीं होंगे। प्रतियोगिता में सभी स्टार्ट ‘ओवर द हेड’ होंगे और सभी तैराकी स्पर्धाओं में वन-स्टार्ट नियम लागू किया जाएगा। प्रत्येक स्पर्धा और आयु वर्ग में प्रथम से तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले तैराकों को पदक प्रदान किए जाएंगे।
अनिल खत्री ने बताया की नेशनल मास्टर्स स्विमिंग चैंपियनशिप से ही एशियन मास्टर्स स्विमिंग चैंपियनशिप के लिए तैराकों का चयन किया जाएगा। इस बार एशिय मास्टर्स स्विमिंग चैंपियनशिप भी भारत में ही हो रही है। जो अक्टूबर माह में बंगलौर में खेली जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी प्रतिभागियों को, जो प्रतियोगिता में प्रवेश लेकर अपनी रेस पूरी करेंगे, सहभागिता प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)